सरगुजा। chhattisgarh के सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पुहपुटरा में शिक्षा व्यवस्था को लेकर छात्र-छात्राओं का आक्रोश सामने आया है। शिक्षकों की कमी, पाठ्यक्रम अधूरा रहने और स्कूल की बुनियादी सुविधाओं को लेकर नाराज 12वीं कक्षा के दर्जनों विद्यार्थी अपनी शिकायत लेकर करीब 8 किलोमीटर पैदल चलकर लखनपुर के लिए निकल पड़े।

विद्यार्थियों का कहना है कि Board Exam नजदीक है, लेकिन अब तक उनका syllabus पूरा नहीं हो पाया है। मामले की जानकारी मिलते ही शिक्षा विभाग और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और विद्यार्थियों को समझाकर वापस स्कूल भेजा।

जानकारी के अनुसार, school में 12वीं कक्षा के अलग-अलग संकायों में कुल 61 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। school में कागजों पर करीब 24 शिक्षकों का स्टाफ पदस्थ बताया गया है। इसके बावजूद विद्यार्थियों ने हिंदी, कृषि और कला संकाय के विषयवार शिक्षकों की कमी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कई शिक्षक समय पर स्कूल नहीं पहुंचते, जिसके कारण नियमित पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

विद्यार्थियों के मुताबिक, बोर्ड परीक्षा नजदीक होने के बावजूद कई विषयों का पाठ्यक्रम अधूरा है। इससे परीक्षा की तैयारी को लेकर छात्र-छात्राएं चिंतित हैं। उनका कहना है कि कई बार अपनी समस्याएं स्कूल प्रबंधन के सामने रखने के बावजूद समाधान नहीं हुआ, जिसके बाद उन्हें अधिकारियों तक अपनी बात पहुंचाने के लिए पैदल निकलना पड़ा।

मीडिया रिपोर्ट अनुसार छात्रों ने प्रभारी प्राचार्य पर गंभीर आरोप भी लगाए हैं। एक छात्रा के अनुसार, जब उसने और अन्य विद्यार्थियों ने शिक्षकों के समय पर नहीं आने और पढ़ाई प्रभावित होने की शिकायत की, तो समस्या का समाधान करने के बजाय उन्हें ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टीसी) देने और स्कूल से नाम काटने की धमकी दी गई।

इसके अलावा विद्यार्थियों ने स्कूल भवन का निर्माण कार्य अधूरा होने, शौचालयों की खराब स्थिति और फंड की कमी का हवाला देते हुए शैक्षणिक भ्रमण के आयोजन में भी मनमानी किए जाने की शिकायत की है।

अपनी समस्याओं का समाधान नहीं होने से नाराज पुहपुटरा स्कूल के विद्यार्थियों के साथ आवासीय विद्यालय की छात्राओं ने भी प्रशासन तक अपनी बात पहुंचाने के लिए पैदल मार्च शुरू किया। वे सरगुजा कलेक्टर से मिलने के उद्देश्य से आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान जब विद्यार्थी लखनपुर जनपद कार्यालय के पास पहुंचे, तो प्रशासनिक अधिकारियों ने उन्हें रोक लिया।

सूचना मिलने पर बीईओ देव कुमार गुप्ता, नायब तहसीलदार सर्वेश पटेल और स्थानीय थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी शिकायतें सुनीं और प्रशासनिक वाहनों से उन्हें सुरक्षित वापस स्कूल भिजवाया।

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी सरगुजा डॉ. दिनेश कुमार झा ने जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों के बीईओ कार्यालय तक पहुंचने की जानकारी मिलते ही संबंधित अधिकारी को तथ्यात्मक रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। बीईओ से 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट मांगी गई है। डीईओ के अनुसार, विद्यार्थियों के आरोप सही पाए जाने पर संबंधितों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, लखनपुर बीईओ देव कुमार गुप्ता ने बताया कि विद्यार्थियों और प्राचार्य के बीच मुख्य विवाद शैक्षणिक भ्रमण के स्थान को लेकर था, जिसे बातचीत के जरिए सुलझा लिया गया है। स्कूल में बैठक आयोजित कर शिक्षकों की कमी और अन्य शैक्षणिक समस्याओं के निराकरण का आश्वासन भी दिया गया है।

प्रभारी प्राचार्य ने आरोपों को बताया निराधार

दूसरी ओर, विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य गोकुल प्रसाद जांगड़े ने अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि स्कूल में नियमित रूप से पढ़ाई संचालित हो रही है और किसी भी विद्यार्थी को टीसी काटने या नाम हटाने की धमकी नहीं दी गई।