बिलासपुर… बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में साइंस कॉलेज के सामने सड़क चौड़ीकरण को लेकर उठे सवाल अब आदिवासी बच्चों के छात्रावास तक पहुंच गए हैं। सड़क के दूसरी तरफ लंबा हिस्सा सरकारी जमीन का होने के बावजूद चौड़ीकरण की दिशा छात्रावास की ओर किए जाने का आरोप है। छात्रावास के बच्चों और जिम्मेदार लोगों का कहना है कि रसूखदारों के विरोध के बाद सड़क की दिशा बदल दी गई, लेकिन अब छोटे बच्चों के आशियाने पर सड़क का संकट खड़ा हो गया है। सोमवार को छात्रावास के बच्चे और जिम्मेदार लोग कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और अपनी जमीन, पढ़ाई तथा सुरक्षा बचाने की गुहार लगाई।

मामला सिपत रोड स्थित ग्राम चाटीडीह, हल्का नंबर 00033, राजस्व निरीक्षक मंडल सरकंडा के खसरा नंबर 19/2, 560, 559/1 और 561/4 से जुड़ा है। शिकायत पत्र में खसरा नंबर 561/4 की शासकीय जमीन अनुसूचित जाति बालक छात्रावास और अजाक थाना के लिए आवंटित होने का उल्लेख है। इसी परिसर में छात्रावास संचालित है, जहां पहली से पांचवीं तक के छोटे बच्चों सहित बालक-बालिकाएं रहकर पढ़ाई करते हैं। परिसर में खुदाई और बाउंड्रीवाल तोड़े जाने की आशंका ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

सड़क की दिशा बदलने के फैसले पर सवाल

छात्रावास से जुड़े लोगों का आरोप है कि सड़क चौड़ीकरण के लिए दूसरी तरफ सरकारी जमीन का लंबा हिस्सा उपलब्ध है। राजस्व अभिलेखों में भी जमीन की उपलब्धता का उल्लेख है, लेकिन सड़क का विस्तार छात्रावास की ओर किया जा रहा है। उनका कहना है कि यदि दूसरी तरफ की सरकारी जमीन से चौड़ीकरण किया जाए, तो छात्रावास की इमारत और बाउंड्रीवाल को नुकसान पहुंचाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

शिकायतकर्ताओं ने आशंका जताई है कि सड़क की दिशा बदलने के पीछे रसूखदारों के विरोध और निजी जमीन पर मुआवजे की स्थिति से बचने का मामला हो सकता है। उनका आरोप है कि दूसरी तरफ की सरकारी जमीन पर अतिक्रमण है, जिसे हटाकर भी सड़क चौड़ी की जा सकती है। ऐसे में सरकारी जमीन पर अतिक्रमण हटाने के बजाय छात्रावास की जमीन प्रभावित करने का निर्णय कई सवाल खड़े करता है।

एडिशनल कलेक्टर बोले– शासन का नीतिगत फैसला

इस मामले में एडिशनल कलेक्टर शिव कुमार बनर्जी ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण की दिशा शासन का नीतिगत फैसला है। निजी जमीन प्रभावित होने की स्थिति में मुआवजे की प्रक्रिया और तोड़फोड़ की संभावना बढ़ जाती है। इसी परिस्थिति को देखते हुए शासन ने सड़क चौड़ीकरण के संबंध में निर्णय लिया है। सुपर नर जी ने यह भी कहा कि मामलों को हम उचित फोरम में रखेंगे और जरूरत पड़ी। तो पड़ताल भी करेंगे साथ ही अधिकारियों को बताएंगे कि मामला क्या है.. विकास के लिए सड़क जरूरी है और जहां शासन की जमीन होती है वहां योजना बेहतर रूप से संचालित होती है..

एडिशनल कलेक्टर के इस बयान के बाद छात्रावास से जुड़े लोगों का सवाल है कि जब दूसरी तरफ सरकारी जमीन उपलब्ध होने का दावा किया जा रहा है, तो फिर उस जमीन की वास्तविक स्थिति और अतिक्रमण हटाने की संभावना पर गंभीरता से विचार क्यों नहीं किया गया? क्या सड़क की दिशा तय करने से पहले छात्रावास की सुरक्षा, बच्चों की पढ़ाई और सरकारी जमीन के विकल्पों का संयुक्त परीक्षण कराया गया था?

सरकारी जमीन पर अतिक्रमण,कार्रवाई छात्रावास पर?

छात्रावास के बच्चों और जिम्मेदार लोगों ने आरोप लगाया है कि क्षेत्र में सरकारी जमीन पर अतिक्रमण और जमीन कब्जाने का खेल लंबे समय से चलता रहा है। उनका कहना है कि शासन-प्रशासन को इसकी जानकारी होना असंभव नहीं है। यदि सड़क के दूसरी तरफ सरकारी जमीन पर अतिक्रमण है, तो उसे हटाकर चौड़ीकरण का रास्ता निकाला जा सकता है। इसके बावजूद छात्रावास की जमीन प्रभावित करने की कार्रवाई से लोगों के मन में संदेह पैदा हो रहा है।

शिकायतकर्ताओं ने भूमाफिया और रसूखदारों को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि सड़क की दिशा बदलने के पीछे प्रभावशाली लोगों के हितों को प्राथमिकता दी गई और अब सरकारी छात्रावास की जमीन पर कार्रवाई की जा रही है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में सड़क की दिशा तय करने की प्रक्रिया, राजस्व अभिलेखों और जमीन की वास्तविक स्थिति की निष्पक्ष जांच जरूरी है।

28 दिन पहले शिकायत, कार्रवाई नहीं

शिकायत पत्र के अनुसार, छात्रावास अधीक्षक ने 26 अक्टूबर 2026 को सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग और अन्य अधिकारियों के समक्ष लिखित शिकायत प्रस्तुत की थी। इसके बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने का आरोप है। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि छात्रावास परिसर में खुदाई का काम शुरू हो चुका है और बाउंड्रीवाल तोड़े जाने की आशंका बनी हुई है।

शिकायत में खसरा नंबर 561/4 की करीब 0.72 एकड़ जमीन पर छात्रावास भवन और शौचालय सहित आवश्यक संरचनाएं निर्मित होने का उल्लेख है। छात्रावास से जुड़े लोगों ने मांग की है कि राजस्व अभिलेखों के आधार पर खसरा नंबर 19/2, 560, 559/1 और 561/4 का सीमांकन कराया जाए। सड़क के दोनों ओर उपलब्ध सरकारी जमीन और वास्तविक स्थिति का तकनीकी परीक्षण हो तथा जांच पूरी होने तक छात्रावास की जमीन पर खुदाई और बाउंड्रीवाल तोड़ने की कार्रवाई रोक दी जाए।

बच्चों की सुरक्षा या रसूखदारों की सुविधा?

सड़क चौड़ीकरण विकास का जरूरी काम हो सकता है, लेकिन विकास की दिशा तय करते समय यह भी देखना होगा कि उसका बोझ किस पर पड़ रहा है। एक तरफ सरकारी जमीन पर अतिक्रमण की शिकायत है, दूसरी तरफ अनुसूचित जाति विभाग को आवंटित जमीन पर संचालित छात्रावास है, जहां छोटे बच्चे रहकर पढ़ाई करते हैं। ऐसे में छात्रावास की जमीन प्रभावित करने से पहले सभी विकल्पों की जांच करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।

छात्रावास के बच्चों और जिम्मेदार लोगों ने मांग की है कि राजस्व, लोक निर्माण और आदिवासी विकास विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंचकर सीमांकन करे। सड़क की दिशा और सरकारी जमीन की उपलब्धता का निष्पक्ष परीक्षण कराया जाए तथा बच्चों की सुरक्षा से जुड़ी संरचनाओं को नुकसान पहुंचाने से पहले वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

अब सवाल जिला प्रशासन के सामने है—यदि सड़क के दूसरी तरफ सरकारी जमीन उपलब्ध है, तो उसे अतिक्रमणमुक्त कर चौड़ीकरण क्यों नहीं किया जा सकता? क्या सड़क की दिशा तय करने में रसूखदारों के हितों को प्राथमिकता दी गई? और सबसे अहम, सरकारी छात्रावास की जमीन पर कार्रवाई का निर्णय लेते समय वहां रह रहे बच्चों की सुरक्षा को कितना महत्व दिया गया?