बिलासपुर। कालिदास जयंती के अवसर पर शासकीय बिलासा कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में भारतीय संस्कृति एवं वैदिक परंपरा में निहित सामूहिकता, सहयोग और समन्वय के मूल्यों को व्यवहार में उतारने के उद्देश्य से गुरुकुल परंपरा आधारित प्रशिक्षण गतिविधि आयोजित की गई।

 

इस अवसर पर छात्राओं ने सामूहिक सहभागिता के साथ स्वच्छता कार्य, पूजन-अर्चन, भोजन निर्माण एवं वितरण की गतिविधियों में भाग लिया। कार्य-विभाजन, परस्पर सहयोग एवं समायोजन के माध्यम से छात्राओं को गुरुकुल जीवन की व्यावहारिक अनुभूति कराई गई।

 

गतिविधि का उद्देश्य छात्राओं में श्रम की गरिमा, आत्मनिर्भरता, अनुशासन, सेवा-भाव, सहकारिता एवं सामूहिक उत्तरदायित्व जैसे जीवनोपयोगी मूल्यों का विकास करना रहा। कार्यक्रम के माध्यम से भारतीय ज्ञान एवं संस्कृति परंपरा के मूल आदर्शों को दैनिक जीवन में अपनाने का संदेश दिया गया।

 

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. एस. आर. कमलेश ने की। उन्होंने अपने उद्बोधन में कालिदास जयंती के महत्व पर प्रकाश डालते हुए भारतीय साहित्य एवं सांस्कृतिक विरासत के गौरव को रेखांकित किया। संस्कृत विभागाध्यक्ष डॉ. सीमा पाण्डेय ने गुरुकुल परंपरा की वर्तमान समय में प्रासंगिकता एवं उसके मूल्यपरक स्वरूप पर विचार व्यक्त किए।

 

कार्यक्रम में डॉ. कल्याणी जैन, डॉ. राजकुमार शर्मा, उमा, इन्दु एवं आकृति सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।