रायपुर। छत्तीसगढ़ के गिधपुरी स्थित देशी कंपोजिट मदिरा दुकान में बिक्री की राशि में 20.46 लाख रुपये के गबन के मामले में पुलिस ने सुपरवाइजर को गिरफ्तार किया है।

आरोप है कि सुपरवाइजर बिक्री की रकम जमा करने के बजाय अपने पास रखकर फरार हो गया था। उसने मोबाइल फोन भी बंद कर लिया था।

गिधपुरी पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी रजनीश प्रसाद साव ने 16 नवंबर 2026 को थाना गिधपुरी में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि सीएमएस इंफो सिस्टम्स लिमिटेड के कैश कलेक्टर ने फोन पर सूचना दी थी कि देशी कंपोजिट मदिरा दुकान गिधपुरी के सुपरवाइजर गेवेन्द्र बंजारे द्वारा बिक्री की राशि जमा नहीं की जा रही है।

कैश जमा करने के लिए कहने पर आरोपी ने पहले हामी भरी, लेकिन शाम करीब 4 से 4:30 बजे के बीच अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया और फरार हो गया। इसके बाद मामले की जांच शुरू की गई।

13 नवंबर 2026 को कंपनी की टीम और आबकारी उपनिरीक्षक, वृत्त पलारी ने दुकान के रिकॉर्ड, बैंक जमा पर्चियों और ऑनलाइन जमा पर्चियों का मिलान किया।

यह जांच 1 नवंबर से 13 नवंबर को दोपहर 12:30 बजे तक की बिक्री राशि के संबंध में की गई थी। जांच में 20.46 लाख रुपये की राशि का गबन सामने आया।

प्रार्थी की शिकायत पर थाना गिधपुरी में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और प्रार्थी सहित गवाहों के बयान दर्ज किए। घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था।

आरोपी की तलाश के लिए गिधपुरी पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई थी। टीम ने जांच और पतासाजी के बाद गेवेन्द्र बंजारे को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपराध करना स्वीकार किया।

पुलिस के मुताबिक, मामले में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता की आशंका को देखते हुए भी जांच की जा रही है। विवेचना के दौरान सभी संबंधित तथ्यों और साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान

  • नाम: गेवेन्द्र बंजारे
  • पिता का नाम: लखन बंजारे
  • उम्र: 30 वर्ष
  • निवासी: वार्ड क्रमांक 12, बालसमुंद रोड, पलारी, थाना पलारी

पुलिस ने आरोपी को 22 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। मामले में आगे की विवेचना जारी है।