CG highcourt।बिलासपुर। गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों के संलग्नीकरण समाप्त करने के लिए जारी विभागीय परिपत्र के आधार पर किसी शिक्षक से एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य का अतिरिक्त प्रभार वापस लेना गलत है।

छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) के इस आदेश को निरस्त कर दिया है। अदालत ने स्पष्ट किया कि संबंधित परिपत्र केवल गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों के लिए जारी किया गया था, जबकि याचिकाकर्ता शिक्षकीय संवर्ग के कर्मचारी हैं।

मामला मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले के जामथान स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय से जुड़ा है।

यहां प्रभारी प्राचार्य का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे राजेश कुमार शर्मा ने हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी। उनका मूल पदस्थापन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, भरतपुर में व्याख्याता के पद पर है।

जिला शिक्षा अधिकारी ने 15 जुलाई 2026 को आदेश जारी कर राजेश कुमार शर्मा को एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, जामथान के प्रभारी प्राचार्य के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया था।

उन्हें अपने मूल पदस्थापन वाले शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, भरतपुर में व्याख्याता के रूप में कार्यभार संभालने का निर्देश दिया गया था।

इस आदेश को चुनौती देते हुए याचिकाकर्ता ने दलील दी कि 14 जुलाई 2026 के जिस विभागीय परिपत्र के आधार पर उनका अतिरिक्त प्रभार वापस लिया गया, वह केवल गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों के संलग्नीकरण समाप्त करने के संबंध में था। चूंकि वे शिक्षकीय संवर्ग में आते हैं, इसलिए यह परिपत्र उन पर लागू नहीं किया जा सकता।

राज्य शासन की ओर से याचिका का विरोध करते हुए तर्क दिया गया कि जिला शिक्षा अधिकारी को विद्यालय शिक्षा विभाग के कर्मचारियों को प्रभार सौंपने और वापस लेने का अधिकार है। शासन की ओर से इसी आधार पर जिला शिक्षा अधिकारी की कार्रवाई को उचित ठहराने का प्रयास किया गया।

हालांकि, हाई कोर्ट ने संबंधित दस्तावेजों का परीक्षण करने के बाद पाया कि राजेश कुमार शर्मा व्याख्याता हैं और शिक्षकीय संवर्ग के अंतर्गत आते हैं।

वहीं, 14 जुलाई 2026 का विभागीय परिपत्र गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों के संलग्नीकरण समाप्त करने के लिए जारी किया गया था। इसके बावजूद जिला शिक्षा अधिकारी ने उन्हें गैर-शैक्षणिक कर्मचारी मानकर प्रभारी प्राचार्य का अतिरिक्त प्रभार वापस ले लिया।

हाई कोर्ट ने इन तथ्यों के आधार पर 15 जुलाई 2026 को जारी जिला शिक्षा अधिकारी के आदेश को निरस्त कर दिया और याचिका स्वीकार कर ली। अदालत ने स्पष्ट किया कि गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों के लिए जारी परिपत्र को शिक्षकीय संवर्ग के कर्मचारी पर लागू नहीं किया जा सकता।