CG News।दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग में मैट्रिमोनियल ऐप के जरिए एक विधवा शिक्षिका को शादी और रायपुर ट्रांसफर कराने का झांसा देकर 5.90 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है।

Cg news।आरोपी ने खुद को सिंचाई विभाग का क्लर्क बताकर अधिकारियों तक पहुंच होने का दावा किया था।

उसने शिक्षिका को भरोसा दिलाया कि वह उनका रायपुर ट्रांसफर करा देगा, जिसके लिए 7 लाख रुपये खर्च होंगे। शिकायत के बाद दुर्ग कोतवाली पुलिस ने आरोपी अर्जुन कसेर (34) को ओडिशा से गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ एक अन्य महिला से भी सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 1.50 लाख रुपये लेने का आरोप सामने आया है। मामले की जांच जारी है।

पुलिस के अनुसार, सुषमा ठाकुर (36) दुर्ग के नयापारा की रहने वाली हैं। उनके पति का 24 अक्टूबर 2024 को निधन हो गया था।

वह शासकीय प्राथमिक शाला नवागांव (पुस्दा), विकासखंड धमधा में शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं। परिवार में उनके साथ सास और दो नाबालिग बच्चे रहते हैं।

23 मई 2026 को मैट्रिमोनियल ऐप के माध्यम से उनकी पहचान अर्जुन कसेर से हुई।

बातचीत के दौरान आरोपी ने खुद को तलाकशुदा और सिंचाई विभाग में क्लर्क बताया। उसने शिक्षिका के सामने शादी का प्रस्ताव रखा। हालांकि, पारिवारिक जिम्मेदारियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का हवाला देते हुए उन्होंने तत्काल शादी के प्रस्ताव पर सहमति नहीं दी।

इसके बाद आरोपी ने शिक्षिका को रायपुर के आसपास ट्रांसफर कराने का भरोसा दिलाया। उसने दावा किया कि वह इंद्रावती भवन, सेक्टर-19 में पदस्थ है और संबंधित अधिकारियों से उसकी बात हो चुकी है।

आरोपी ने ट्रांसफर कराने के लिए 7 लाख रुपये खर्च होने की बात कही। उसने प्रस्ताव रखा कि शिक्षिका 6 लाख रुपये दें और एक लाख रुपये वह खुद लगाएगा। साथ ही भरोसा दिलाया कि रायपुर ट्रांसफर होते ही वह उनसे शादी कर साथ रहेगा।

आरोपी की बातों में आकर सुषमा ठाकुर ने भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की मालवीय नगर शाखा, दुर्ग से 6 लाख रुपये का पर्सनल लोन लिया। इसमें से 90 हजार रुपये फोन-पे के जरिए आरोपी द्वारा बताए गए मोबाइल नंबर पर भेज दिए।

शिकायत के अनुसार, 30 मई 2026 को शिक्षिका 5 लाख रुपये नकद लेकर दुर्ग से रायपुर पहुंचीं। आरोपी ने उन्हें तेलीबांधा थाना के पास बुलाया और वहां से एक रेस्टोरेंट ले गया।

उसने सुरक्षित जगह पर नकदी रखने की बात कहकर रुपये अपने पास रख लिए। इसके बाद आरोपी अधिकारियों को रकम देने का हवाला देकर शिक्षिका की एक्टिवा लेकर चला गया।

करीब एक घंटे बाद वापस लौटकर उसने दावा किया कि सीईओ और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को पैसे दे दिए हैं और जल्द ही ट्रांसफर हो जाएगा।

1 जून को शिक्षिका ने आरोपी से उसका तलाक प्रमाण पत्र और सिंचाई विभाग में नौकरी का ज्वाइनिंग आदेश मांगा। इस पर उसने दस्तावेज पिता के पास होने और पारिवारिक परेशानी का हवाला देकर बात टाल दी। इससे शिक्षिका को संदेह हुआ।

इसके बाद 4 जून को उन्होंने शादी और ट्रांसफर का भरोसा खत्म करने की बात कहते हुए अपने 5.90 लाख रुपये वापस मांगे। आरोप है कि आरोपी रकम लौटाने के नाम पर लगातार टालमटोल करता रहा। आखिरकार शिक्षिका ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस जांच में आरोपी का नाम स्मृति नगर चौकी में दर्ज एक अन्य मामले में भी सामने आया है। आरोप है कि उसने एक महिला को कृषि विभाग में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा दिया था। खुद को सिंचाई विभाग का क्लर्क बताकर उसने महिला से 1.50 लाख रुपये लिए थे। पुलिस इस मामले में भी उसकी भूमिका की जांच कर रही है।

सुषमा ठाकुर की शिकायत पर दुर्ग कोतवाली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज किया था।

पुलिस टीम ने जांच और पतासाजी के बाद आरोपी अर्जुन कसेर (34), निवासी सारंगढ़, छत्तीसगढ़ को ओडिशा से गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।