बिलासपुर—कलेक्टर अवनीशरण ने अस्पताल, बस स्टैण्ड और महिला आजीविका केन्द्र का टीम के साथ निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर ने 15 मई तक बस स्टैण्ड में यात्री सुविधाओं के सभी काम पूर्ण करने का फरमान सुूनाया। कलेक्टर ने गरीब महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए बनाए जा रहे टेलरिंग शेड़ और आजीवका केन्द्र का भी जायजा लिया। कलेक्टर ने बताया कि दोनो संरचनाओं का निर्माम डीएमएफटी के तहत 4 करोड़ 68 लाख की लागत से किया जाएगा।
कलेक्टर अवनीश शरण ने गुरूवार को नगर निगम क्षेत्र के लिंगियाडीह अस्पताल और  तिफरा बस स्टैण्ड का दौरा किया। यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। तिफरा बस स्टैण्ड में मरम्मत और सौंदर्यीकरण के बचे हुए कार्यों का 15 मई तक पूर्ण करने का आदेश दिया। कलेक्टर ने छठ घाट के करीब  शहर की गरीब महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए बनाये जा रहे टेलरिंग शेड और आजीविका केन्द्र का भी जायजा लिया।
उन्होने बताया कि दोनों कार्यों का निर्माण डीएमएफटी के तहत लगभग 4.68 करोड़ की लागत से किया जाएगा। एक बार में लगभग 500 शहरी गरीब महिलाओं को आजीविका संबंधी विभिन्न प्रकार के प्रशिक्षण दिए जा सकेंगे। नगर निगम आयुक्त अमित कुमार भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
निर्माणाधीन अस्पताल पहुंचे डीएम
 कलेक्टर शरण ने निगम क्षेत्र के लिंगियाडीह प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण किया। डीएमएफ मद अंतर्गत अस्पताल में लेबर रूम, अतिरिक्त वार्ड समेत पुराने भवन को जोड़ते हुए एलिवेशन कार्य स्वीकृत किया। कलेक्टर ने सख्त निर्देश दिया कि कार्य में गुणवत्ता के साथ समय-सीमा का ध्यान रखा जाए। एनक्यूएएस की मानकों के अनुरूप अस्पताल प्रबंधन अपनी सेवाओं को उच्च स्तर का बनाए।
500 महिलाओं को मिलेगा प्रशिक्षण
कलेक्टर ने छठ घाट की समीप बन रहे टेलरिंग शेड एवं शहरी महिला आजीविका केन्द्र तोरवा का निरीक्षण किया। कार्य को लेकर संतोष जाहिर किया। उन्होने बताया कि चार खण्ड में लगभग 500 महिलाओं के आजीविका प्रशिक्षण सुविधा के लिए ये भवन बनाये जा रहे हैं। भवन की गुणवत्ता एवं सुविधाओं का सूक्ष्मता से अवलोकन किया। मुख्य रोड तक पक्की पहुंच मार्ग और भवन के चारों ओर पक्की सीसी रोड जल्द बनाने के निर्देश दिए।
ईमलीपारा प्रोजेक्ट लिया जायजा
कलेक्टर शहर के बीच पुराना बस स्टेण्ड पहुंचे। इमलीपारा में निगम से निर्मित सुपर मार्केट कॉम्पलेक्स का अवलोकन किया। कॉम्पलेक्स में 63 दुकान निकाले गये हैं। परिसर में 140 दोपहिया और 40 चार पहिया वाहनों के पार्किंग की सुविधा है। इस दौरान कलेक्टर ने पूरी योजना की जानकारी ली और निगम आयुक्त को दिशानिर्देश दिए।
रैन बसेरा का निरीक्षण किया
पुराने बस स्टैण्ड में व्यवस्थापित किये गये मदिरा दुकानों के संबंध में भी नगर निगम आयुक्त को निर्देश दिए। इसके बाद कलेक्टर तिफरा स्थित नया बस स्टैण्ड पहुंचकर यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। मरम्मत, सुधार एवं सौंदर्यीकरण के बचे हुए कार्य 15 मई तक पूर्ण करने के निर्देश ठेकेदार को दिए। गरीब यात्रियों के रात बिताने के लिए बस स्टैण्ड में 50-50 सीट के दो रैन बसेरा बनाये गये हैं। रैन बसेरा का भी उन्होंने अवलोकन किया और जल्द शुरू करने के निर्देश दिए।