बिलासपुर…स्वच्छता के राष्ट्रीय सर्वेक्षण में छत्तीसगढ़ ने एक बार फिर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में प्रदेश के तीन नगरीय निकायों ने राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कार हासिल कर राज्य का मान बढ़ाया है। सबसे बड़ी उपलब्धि बिल्हा के नाम रही, जिसने 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देशभर में पहला स्थान हासिल किया। खास बात यह है कि बिल्हा ने लगातार दूसरे वर्ष यह उपलब्धि दोहराई है। वहीं बिलासपुर को देश का दूसरा सबसे स्वच्छ रीवर फ्रंट टाउन चुना गया, जबकि रायपुर को छत्तीसगढ़ के सबसे स्वच्छ शहर का पुरस्कार मिला है।

नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित राष्ट्रीय स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने तीनों नगरीय निकायों को सम्मानित किया। छत्तीसगढ़ की ओर से उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने पुरस्कार ग्रहण किए। इस अवसर पर प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा सहित संबंधित नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

बिल्हा की लगातार दूसरे वर्ष देश में पहली रैंकिंग हासिल करना इस उपलब्धि को और खास बनाता है। कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देशभर के नगरीय निकायों के बीच शीर्ष स्थान बरकरार रखना स्थानीय निकाय के लिए बड़ी उपलब्धि है। वहीं अरपा नदी के तटवर्ती क्षेत्र वाले बिलासपुर को रीवर फ्रंट टाउन श्रेणी में देश में दूसरा स्थान मिला है। रायपुर को प्रदेश के सबसे स्वच्छ शहर के रूप में राष्ट्रीय मंच पर सम्मानित किया गया।

समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी शामिल हुए। तीन राष्ट्रीय पुरस्कारों के साथ छत्तीसगढ़ ने स्वच्छता के क्षेत्र में अपनी उपलब्धियों को राष्ट्रीय स्तर पर दर्ज कराया है।