TET Guileline-भोपाल।मध्य प्रदेश के स्कूल शिक्षा विभाग ने शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) को लेकर बनी अनिश्चितता को समाप्त करते हुए विस्तृत दिशानिर्देश (गाइडलाइन) जारी कर दिए हैं.

TET Guileline।शासन के नए स्पष्टीकरण के बाद राज्य के करीब 1.5 लाख शिक्षकों के बीच बना असमंजस पूरी तरह खत्म हो गया है. विभाग ने साफ किया है कि इस बार यह परीक्षा ऑफलाइन मोड में माध्यमिक शिक्षा मंडल (MP Board) द्वारा आयोजित कराई जाएगी.

किन्हें देनी होगी यह परीक्षा?—–आरटीई (RTE) अधिनियम के तहत जिन सरकारी शिक्षकों ने पूर्व में आयोजित पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण नहीं की है, उनके लिए इस परीक्षा में शामिल होना अनिवार्य किया गया है:

  • प्राथमिक स्तर: सहायक शिक्षक, प्राथमिक शिक्षक, सहायक अध्यापक, संविदा शाला शिक्षक श्रेणी-3 और प्रयोगशाला शिक्षक.
  • माध्यमिक स्तर: उच्च श्रेणी शिक्षक, माध्यमिक शिक्षक, अध्यापक और संविदा शाला शिक्षक श्रेणी-2.

किन्हें मिली है परीक्षा से छूट?

  • ऐसे शिक्षक जो पहले ही केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (CTET) पास कर चुके हैं, उन्हें इस राज्य स्तरीय TET परीक्षा में शामिल होने की आवश्यकता नहीं है.
  • अशासकीय (निजी) स्कूलों के प्राथमिक व माध्यमिक शिक्षक अपनी योग्यता सिद्ध करने के लिए स्वेच्छा से इसमें शामिल हो सकते हैं (अनिवार्य नहीं).

आवेदन प्रक्रिया और महत्वपूर्ण तिथियां:

  • आवेदन का जरिया: मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) का आधिकारिक पोर्टल.
  • अंतिम तिथि: 5 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन फॉर्म जमा किए जा सकते हैं.
  • परीक्षा केंद्र: अमूमन शिक्षकों को उनके पदस्थापना वाले जिले में ही परीक्षा केंद्र मिलेगा. पांढुर्ना के शिक्षकों को छिंदवाड़ा तथा मऊगंज के शिक्षकों को रीवा जिले में केंद्र आवंटित होंगे. संख्या कम होने पर एमपी बोर्ड नजदीकी जिले में केंद्र दे सकता है.

मार्गदर्शिका जारी होने से पहले केवल 19 हजार के करीब आवेदन आए थे, लेकिन अब स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होने के बाद आवेदनों की संख्या में बड़ी तेजी आने की उम्मीद है.