रायपुर ।12 दिसंबर 2025 को घोषित किये गए छत्तीसगढ़ के पहले रामसर स्थल, कोपरा जलाशय, तखतपुर, बिलासपुर के संरक्षण और उसके प्रभाव क्षेत्र (Zone of Influence) के निर्धारण को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। एक ओर बिलासपुर वनमंडल ने जलाशय के पारिस्थितिक प्रभावों और औद्योगिक गतिविधियों से संभावित खतरों का वैज्ञानिक आकलन किया, वहीं दूसरी ओर छत्तीसगढ़ राज्य वेटलैंड प्राधिकरण की तकनीकी समिति ने 23 अक्टूबर 2026 की बैठक में बिलासपुर वनमंडल की रिपोर्ट को लंबित रखते हुए नए सिरे से तैयार करने का निर्णय लिया। इससे यह सवाल उठता है कि आखिर इस रिपोर्ट को नए सिरे से तैयार करने की आवश्यकता क्यों पड़ी और अनमोल पारिस्थितिक धरोहर कोपरा की पारिस्थितिक सुरक्षा को लेकर प्राथमिकता क्या है?

 

वास्तव में, आर्द्रभूमि (संरक्षण और प्रबंधन) नियम, 2017 के अंतर्गत प्रत्येक अधिसूचित किए जाने वाले वेटलैंड के लिए उसके Zone of Influence (प्रभाव क्षेत्र) का वैज्ञानिक निर्धारण एवं सीमांकन करना आवश्यक है।

 

एक साल बाद भी प्रभाव क्षेत्र घोषित करने में पेच पर पेच डाले जा रहे हैं।

 

रामसर साइट घोषित किए जाने के बाद बिलासपुर वनमंडल की तकनीकी टीम ने गहन अध्ययन करके Environmental Impact Assessment (EIA) Report of Kopra Reservoir Ramsar Site (कोपरा जलाशय रामसर स्थल का पर्यावरणीय प्रभाव आकलन प्रतिवेदन) तैयार किया। रिपोर्ट के अनुसार, कोपरा जलाशय लगभग 210 हेक्टेयर का अत्यंत संवेदनशील पारिस्थितिक क्षेत्र है, जहाँ 130 से अधिक पक्षी प्रजातियाँ पाई जाती हैं। रिपोर्ट के अनुसार, वेटलैंड के चारों ओर कम से कम 5 किलोमीटर का संवेदनशील क्षेत्र तथा 15 किलोमीटर तक का व्यापक प्रभाव क्षेत्र निर्धारित करना आवश्यक है। इसमें पाया गया है कि औद्योगिक प्रदूषण, धूल, राख, शोर और जल की गुणवत्ता में बदलाव पक्षियों के भोजन, प्रजनन और आवास के साथ-साथ मछलियों तथा जलीय वनस्पतियों को भी प्रभावित कर सकते हैं। रिपोर्ट ने लगभग 2 किलोमीटर के क्षेत्र को सर्वाधिक पारिस्थितिक दबाव वाला क्षेत्र माना है तथा वायु, जल, शोर और भूमि उपयोग में बदलाव के संयुक्त प्रभाव को उच्च स्तर का बताया है। कोपरा वेटलैंड का संरक्षण केवल उसके सीमित क्षेत्र तक ध्यान देने से संभव नहीं है, बल्कि आसपास के पारिस्थितिक क्षेत्र, औद्योगिक गतिविधियों और उनके संयुक्त प्रभावों को ध्यान में रखते हुए प्रभावी संरक्षण एवं नियमित पर्यावरणीय निगरानी आवश्यक है।

 

बिलासपुर वनमंडल की तकनीकी टीम की दूसरी रिपोर्ट – Industrial Influence Zonation for Kopra Reservoir Ramsar Site (कोपरा जलाशय रामसर स्थल के लिए औद्योगिक प्रभाव क्षेत्र का निर्धारण) में 15 किलोमीटर तक का प्रभाव क्षेत्र बताया गया है।

 

इस रिपोर्ट के अनुसार, कोपरा रामसर वेटलैंड के चारों ओर 1 किलोमीटर तक मुख्य क्षेत्र, 1 से 5 किलोमीटर तक पक्षियों के भोजन एवं घोंसले बनाने का महत्वपूर्ण क्षेत्र तथा 5 से 15 किलोमीटर तक औद्योगिक प्रदूषण और पक्षियों की आवाजाही से प्रभावित प्रभाव क्षेत्र मानने का सुझाव दिया गया है। रिपोर्ट में वायु प्रदूषण का प्रभाव 10 से 15 किलोमीटर तक तथा पक्षियों की कुछ प्रजातियों की आवाजाही 10 से 15 किलोमीटर या उससे अधिक तक बताई गई है। इसमें शोर, राख और वाहनों से उड़ने वाली धूल के प्रभावों का भी उल्लेख है। रिपोर्ट के अनुसार, वेटलैंड से मात्र 2 किलोमीटर दूर स्थित औद्योगिक गतिविधियाँ भी पक्षियों के भोजन, प्रजनन और आवाजाही को प्रभावित कर सकती हैं। इसलिए प्रभाव क्षेत्र निर्धारित करते समय आसपास के जंगलों, खेतों, पक्षियों के आवास, प्रदूषण और जल के प्राकृतिक बहाव को ध्यान में रखना आवश्यक है।

 

WISA ने सुझाव दिया कि बिलासपुर वनमंडल द्वारा पहचाने गए व्यापक क्षेत्र को भी संरक्षण योजना में शामिल किया जाए।

 

रायपुर के नितिन सिंघवी ने कहा कि बिलासपुर वनमंडल की रिपोर्ट में 15 किलोमीटर तक का व्यापक प्रभाव क्षेत्र पहचाने जाने के बाद वेटलैंड प्राधिकरण ने वेटलैंड संरक्षण के लिए कार्य करने वाली संस्था वेटलैंड्स इंटरनेशनल साउथ एशिया (WISA) से राय मांगी। WISA ने सुझाव दिया कि कोपरा वेटलैंड का प्रभाव क्षेत्र केवल निश्चित दूरी के आधार पर नहीं, बल्कि पानी के प्राकृतिक बहाव और जलग्रहण क्षेत्र के आधार पर निर्धारित किया जाना चाहिए। संस्था ने लगभग 10 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र को प्रभाव क्षेत्र में शामिल करने की सिफारिश की है, जिसमें कोपरा में सीधे पानी पहुँचाने वाले जलग्रहण क्षेत्र का हिस्सा, नीचे की ओर स्थित छोटे वेटलैंड तथा चारों जलमार्गों के दोनों किनारों पर 100 मीटर का क्षेत्र शामिल है, इसमें 11 गाँव आते है। इसमें वे महत्वपूर्ण प्राकृतिक क्षेत्र भी शामिल हैं, जो कोपरा के संरक्षण के लिए आवश्यक हैं। साथ ही, WISA ने बिलासपुर वनमंडल द्वारा पहचाने गए व्यापक क्षेत्र को भी कोपरा की एकीकृत प्रबंधन योजना में शामिल करने की सलाह दी है।

 

बिलासपुर वनमंडल की वैज्ञानिक रिपोर्ट की गई लंबित, दोबारा तैयार करने के निर्देश

 

23. अक्टूबर 2026 को वेटलैंड की तकनीकी समिति की बैठक हुई, जिसमें चर्चा के उपरांत बिलासपुर वनमंडल की रिपोर्ट को लंबित रखकर पुनः तैयार करने के आदेश दिए गए। इसके लिए उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों में शहरों के मध्य स्थित अधिसूचित रामसर स्थलों का निरीक्षण कर प्रभाव क्षेत्र निर्धारित करने की प्रक्रिया का अध्ययन करने के निर्देश दिए गए।

 

उत्तर प्रदेश के शहरों के मध्य स्थित अधिसूचित रामसर साइटों के अध्ययन पर प्रश्न

 

रायपुर के नितिन सिंघवी ने वेटलैंड प्राधिकरण के अधिकारियों से पूछा कि वे सबसे पहले यह खुलासा करें कि उनके ही बिलासपुर वनमंडल की वैज्ञानिक रिपोर्ट में क्या खामियाँ हैं जो उसे स्वीकार नहीं कर, लंबित रखकर, दुबारा अध्यन करने को कहा गया है? क्या वे पक्षियों के सेंट्रल एशियन फ्लाईवे और संकटग्रस्त प्रजातियाँ के पक्षियों की रक्षा नहीं करना चाहते? उन्होंने कहा कि जब आर्द्रभूमि (संरक्षण और प्रबंधन) नियम, 2017 में प्रभाव क्षेत्र निर्धारित कर अधिसूचित करने की प्रक्रिया दी गई है, तो इसके लिए किसी दूसरे प्रदेश में जाने की क्या आवश्यकता है?

 

सिंघवी ने कहा कि प्रत्येक जलाशय का पारिस्थितिकी तंत्र अलग-अलग होता है। कोपरा जलाशय का प्रभाव क्षेत्र निर्धारित करने के लिए वर्तमान और भविष्य के औद्योगिक प्रदूषण, धूल, राख, शोर और जल की गुणवत्ता में बदलाव के पक्षियों के भोजन, प्रजनन एवं आवास के साथ-साथ मछलियों, जलीय वनस्पतियों तथा अन्य पारिस्थितिक पहलुओं पर पड़ने वाले प्रभावों का अध्ययन करना आवश्यक है जो कि बिलासपुर मंडल की रिपोर्ट में किया गया है।

 

सिंघवी ने कहा कि कोपरा किसी शहर के मध्य स्थित रामसर साइट नहीं है, जिसके लिए उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु या मध्य प्रदेश के शहरों के मध्य स्थित रामसर स्थलों की परिस्थितियों को आधार बनाया जाए। सिंघवी ने कहा कि भोपाल के भोज वेटलैंड की परिस्थितियाँ अलग हैं। इसी प्रकार प्रत्येक जलाशय और उसका पारिस्थितिकी तंत्र अलग होता है जिसके आधार पर प्रभाव क्षेत्र घोषित किया जाता है।

 

सिंघवी ने आरोप लगाया कि वेटलैंड प्राधिकरण के अधिकारी कोपरा रामसर साइट का प्रभाव क्षेत्र कम से कम घोषित करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्हें कोपरा के संरक्षण से कोई मतलब नहीं है, अन्यथा बिलासपुर वन मंडल की रिपोर्ट को स्वीकार कर लिया होता। उन्होंने मांग की कि कोपरा को बचाना है तो वहाँ कोई उद्योग या कोल वाशरी स्थापित नहीं होनी चाहिए और किसी भी चालू गतिविधि से उसको नुक्सान नहीं पहुचंना चाहिए। छत्तीसगढ़ बहुत बड़ा प्रदेश है और उद्योग तथा कोल वाशरी कहीं और भी स्थापित किए जा सकते हैं। सिंघवी ने मांग की कि बिलासपुर वनमंडल की रिपोर्ट को स्वीकार किया जाए।