रामानुजगंज (पृथ्वी लाल केशरी)…नगर की सड़कों पर घूम रहे आवारा पशुओं का खतरा अब शादी समारोहों तक पहुंच गया है। ताजा मामला आमंत्रण धर्मशाला का है, जहां एक विवाह समारोह में भोजन करने पहुंची महिला आवारा पशु की अचानक तेज दौड़ से घबराकर अपना संतुलन खो बैठी और जमीन पर गिर गई। हादसे में उसके कूल्हे की हड्डी में हेयरलाइन फ्रैक्चर हो गया। पहले उसे संजीवनी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां जांच के बाद परिजन बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर के मिशन हॉस्पिटल लेकर रवाना हुए। फिलहाल वहां उसका उपचार जारी है।

जानकारी के मुताबिक नगर के व्यवसायी अजय कुमार केशरी के पुत्र का विवाह समारोह आमंत्रण धर्मशाला में आयोजित था। इसी समारोह में परिवार की एक महिला सदस्य भोजन करने पहुंची थीं। इसी दौरान एक आवारा पशु उनके पास से तेज रफ्तार में दौड़ता हुआ निकला। अचानक हुई इस घटना से महिला अपना संतुलन खो बैठीं और कुछ दूर जाकर गिर पड़ीं। उन्होंने उठने की कई बार कोशिश की, लेकिन दर्द के कारण खड़ी नहीं हो सकीं। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें सहारा देकर अस्पताल पहुंचाया।

कलेक्टर का निर्देश, फिर भी सड़कों पर जमावड़ा

नगर में निराश्रित पशुओं की समस्या नई नहीं है। इसे देखते हुए कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने समय-सीमा की बैठक में नगर पालिका परिषद रामानुजगंज को स्पष्ट निर्देश दिए थे। उन्होंने 22 अक्टूबर 2026 से विभिन्न विभागों की संयुक्त टीम बनाकर सड़कों पर घूम रहे घुमंतू और निराश्रित पशुओं को पकड़ने तथा उनके समुचित व्यवस्थापन की कार्रवाई शुरू करने को कहा था।

कलेक्टर ने आम लोगों को जागरूक करने के लिए पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 के प्रावधानों और दंडात्मक कार्रवाई की जानकारी ब्रोशर-पंपलेट के जरिए प्रसारित करने के साथ ही निदान 1100 हेल्पलाइन का प्रचार करने के निर्देश भी दिए थे।

निर्देशों के बाद, कार्रवाई कहां अटकी?

कलेक्टर के निर्देश जारी हुए करीब एक महीना बीत चुका है, लेकिन नगर की सड़कों पर आवारा पशुओं की मौजूदगी कम होती नहीं दिख रही। शादी समारोह में महिला के घायल होने की घटना ने नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। जब पशुओं को पकड़ने और उनके व्यवस्थापन के लिए संयुक्त टीम गठित करने के निर्देश दिए गए थे, तो अब तक इसका असर सड़कों पर क्यों नहीं दिख रहा?