सूरजपुर…( पृथ्वी लाल केशरी)..नगर में भाजपा के एक पार्षद और जिला मीडिया प्रभारी से जुड़ा देर रात का घटनाक्रम चर्चा का विषय बना हुआ है। मामला वार्ड क्रमांक 3 के पार्षद मुकेश गर्ग का है। आरोप है कि वे एक विवाहित महिला के घर देर रात पहुंचे और करीब चार घंटे तक भीतर रहे। महिला के पति को इसकी जानकारी मिली तो उसने घर का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया और आसपास के लोगों को बुला लिया। रात करीब 2:20 बजे पार्षद के बाहर निकलते ही वहां मौजूद लोगों ने उनके साथ मारपीट की। महिला के पति ने पूरे घटनाक्रम को लेकर पुलिस में लिखित शिकायत देने की बात कही है।

पति की शिकायत के मुताबिक, उसका पत्नी के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा है और मामला न्यायालय में विचाराधीन है। इसी बीच उसे पत्नी के घर में मुकेश गर्ग के मौजूद होने की जानकारी मिली। पति का आरोप है कि घर का दरवाजा अंदर से बंद था और भीतर से आवाजें आ रही थीं। इसके बाद उसने बाहर से दरवाजा बंद कर आसपास के लोगों को बुलाया और पुलिस को सूचना दी।

बताया गया कि सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन घर का दरवाजा नहीं खुलवाया जा सका। शिकायतकर्ता के मुताबिक, पार्षद रात करीब 10:30 बजे से घर के भीतर थे और लगभग 2:20 बजे बाहर निकले। इसी दौरान महिला के पति और उसके परिजनों ने उनके साथ मारपीट की। मौके से पार्षद के भागने की बात भी सामने आई है।

सीसीटीवी फुटेज में कैद होने का दावा

इस पूरे घटनाक्रम को लेकर महिला के पति ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में घटना रिकॉर्ड होने का दावा किया है। हालांकि, फुटेज की वास्तविकता, उसमें दर्ज दृश्य और घटनाक्रम की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। पति की ओर से लिखित शिकायत दिए जाने की बात कही गई है। फिलहाल शिकायत पर पुलिस की कार्रवाई और संबंधित पक्षों के बयान सामने आना बाकी है।

भाजपा जिलाध्यक्ष ने टिप्पणी से किया परहेज

मामले में भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी और निर्वाचित पार्षद का नाम सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज है। इस संबंध में भाजपा जिला अध्यक्ष सूरजपुर मुरलीधर सोनी से मोबाइल पर संपर्क कर उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया। उन्होंने बताया कि वे फिलहाल बाहर हैं और सूरजपुर पहुंचने के बाद ही मामले की जानकारी लेकर कुछ कह सकेंगे।