बिलासपुर… शहर में अपराध के अलग-अलग मामलों में सिविल लाइन पुलिस को सफलता मिली है। एक ओर चाकू दिखाकर लूट और मोबाइल झपटमारी की लगातार तीन वारदातों को अंजाम देने वाले पांच नाबालिगों को पुलिस ने पकड़ा है, वहीं ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के नेटवर्क से जुड़े दस महीने से फरार आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में लूटे गए मोबाइल, नकदी, स्कूटी और चाकू बरामद किए गए हैं। इसके अलावा सट्टा खिलाने वाले समूह के एक सदस्य को पकड़कर न्यायालय में पेश किया गया है।

स्कूटी पर सवार होकर तीन जगह की लूट

पुलिस के मुताबिक, 25 नवंबर की रात शहर में लूट और मोबाइल झपटमारी की तीन घटनाएं हुईं। पहली घटना तालापारा बजरंग चौक के पास रात करीब 3.30 बजे हुई। अशोक नगर निवासी ललित कुमार यादव अपने दोस्त के साथ मोटरसाइकिल से व्यापार विहार जा रहा था। इसी दौरान स्कूटी सवार तीन युवकों ने रास्ता रोककर चाकू दिखाया और उसका ओप्पो मोबाइल लूट लिया।

एक अन्य घटना में बलरामपुर निवासी अक्षय कुमार गुप्ता राजीव गांधी चौक से पैदल रवि हाइट्स स्थित अपने किराये के मकान जा रहे थे। तैयबा चौक के पास स्कूटी सवार युवकों ने उन्हें रोककर चाकू दिखाया और जान से मारने की धमकी देते हुए मोबाइल लूट लिया। तीसरी घटना मंगला बाइपास रोड पर अमलताश कॉलोनी के पास हुई, जहां अंकित पटेल का मोबाइल झपटकर आरोपी फरार हो गए।

लगातार हुई इन घटनाओं के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लड़के लूटे गए मोबाइल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर पांच लड़कों को पकड़ा। पूछताछ में सभी नाबालिग पाए गए। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने तीनों वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया। कब्जे से तीन मोबाइल, नकदी, वारदात में इस्तेमाल स्कूटी और एक बटनदार चाकू बरामद किया गया। पांचों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया है।

दस महीने से फरार आरोपी गिरफ्तार

दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाने वाले समूह से जुड़े नीरज पाहुजा को गिरफ्तार किया है। आरोपी गांधी चौक, जूना बिलासपुर का निवासी है । जनवरी 2026 में दर्ज मामले के बाद से फरार चल रहा था।

पुलिस के मुताबिक, 6 जनवरी को व्यापार विहार की छोटी पार्किंग के पास आयुष अग्रवाल उर्फ आकाश को ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाते पकड़ा गया था। पूछताछ में सामने आया कि वह प्रकाश पंजवानी, रोहित पंजवानी और अन्य साथियों के साथ मिलकर ऑनलाइन सट्टा चलाता था। ग्राहकों को व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए जोड़कर रुपये लगवाए जाते थे।

मामले में आयुष अग्रवाल, प्रकाश पंजवानी और रोहित पंजवानी पहले ही गिरफ्तार हो चुके थे। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर नीरज पाहुजा की तलाश की जा रही थी। 26 नवंबर को जानकारी मिलने पर पुलिस ने दबिश देकर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने साथियों के साथ ऑनलाइन सट्टा खेलने-खिलाने में शामिल होना स्वीकार किया। उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

दोनों मामलों में सिविल लाइन पुलिस ने अलग-अलग अपराधों के तहत कार्रवाई की है।