बिलासपुर…सकरी थाना क्षेत्र में घर के भीतर घुसकर मोबाइल झपटने और फिर उसी मोबाइल के सिम का इस्तेमाल कर बैंक खाते से रकम निकालने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना के 48 घंटे के भीतर पुलिस ने आरोपियों तक पहुंचकर झपटे गए मोबाइल, टूटा हुआ सिम और खाते से निकाली गई पूरी रकम बरामद कर ली है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, घटना 25 नवंबर की रात की है। प्रार्थिया ने सकरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि रात करीब 12 बजे उसका देवर ऋतिक यादव अपने कमरे में लेटकर मोबाइल देख रहा था। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति घर के भीतर घुसा और उसका मोबाइल झपटकर भाग निकला। आरोपियों ने मोबाइल में लगे सिम को दूसरे मोबाइल में डालकर फर्जी यूपीआई कोड तैयार किया और उससे जुड़े खाते से रकम निकाल ली।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

जांच के दौरान पुलिस को गनियारी निवासी विक्की वर्मा पर संदेह हुआ। उसका प्रार्थिया के घर आना-जाना था और उसे खाते में चार से पांच लाख रुपये होने की जानकारी भी थी। पुलिस ने विक्की को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो शुरुआत में वह गुमराह करता रहा। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपने दो साथियों बलराम वर्मा और संदीप वर्मा के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया।

पुलिस के अनुसार, तीनों ने योजना बनाकर रात करीब 12 बजे घर में घुसकर ऋतिक का मोबाइल झपटा था। इसके बाद मोबाइल में लगे सिम को दूसरे मोबाइल में डालकर फर्जी यूपीआई कोड के जरिए खाते से रकम निकाल ली। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने झपटे गए मोबाइल, टूटा हुआ सिम और निकाली गई पूरी रकम बरामद कर ली।

गिरफ्तार आरोपी

गिरफतार तीनों आरोपी बलराम वर्मा ,विक्की वर्मा और संदीप वर्मा तीनों  गनियारी, थाना कोटा के रहने वाले हैं।

तीनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4), 304(2), 3(5) और आईटी एक्ट की धारा 66(C) में कार्रवाई की गई है। कार्रवाई में थाना प्रभारी संजय सिंदे, प्रधान आरक्षक टीकाराम निषाद, सहायक उपनिरीक्षक सुरेंद्र तिवारी, प्रधान आरक्षक लक्ष्मीकांत कश्यप, आरक्षक पवन बंजारे, मनोज बघेल, रामचंद्र कश्यप और महिला आरक्षक विनिषा पटेल की भूमिका रही।