बिलासपुर।जीरो प्रतिशत ब्याज दर पर 12 लाख रुपए का पर्सनल लोन दिलाने का झांसा देकर एक महिला शिक्षिका से 1.20 लाख रुपए की साइबर फ्राॅड ने ठगी कर ली। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात ठगों के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

छत्तीसगढ़ बिलासपुर के विनोबा नगर गायत्री मंदिर चौक के पास रहने वाली दीपशिखा दुबे पेशे से शिक्षिका हैं। 10 मार्च को उनके मोबाइल पर अज्ञात नंबर से फोन आया। कॉल करने वाली युवती ने अपना नाम नेहा राजपूत बताते हुए खुद को आदित्य बिड़ला फाइ‌नेंस कैपिटल का प्रतिनिधि बताया। उसने दावा किया कि कंपनी बिना किसी ब्याज के 10 गुना तक लोन दे रही है, जिसके लिए इंश्योरेंस पॉलिसी लेनी पड़ेगी। बार-बार लैंडलाइन नंबरों से फोन आने पर पीड़िता झांसे में आ गई और अपने एसबीआई क्रेडिट कार्ड से 1.20 लाख रुपए का भुगतान कर दिया।

इसके बदले उन्हें एक निजी बीमा पॉलिसी थमाते हुए 18 मई तक खाते में 12 लाख रुपए जमा होने का भरोसा दिया गया। इस भरोसे में आकर में पीड़िता ने अन्य जगह से कर्ज भी ले लिया।

बाद आरोपी हर महीने नई तारीख देकर टरकाते रहे और 1 अक्टूबर के बाद सभी नंबर बंद कर दिए। ठगी का अहसास होने पर शिक्षिका ने थाने में शिकायत की। मामले में पुलिस एफआईआर दर्ज कर नंबरों को ट्रेस कर गिरोह की तलाश में जुटी है।