बिलासपुर..बिल्हा पुलिस ने एक ही दिन में दो अलग-अलग कार्रवाइयों के दौरान चार स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, वहीं डोड़कीभाठा मोड़ के पास सरप्राइज चेकिंग के दौरान चाकू लहराते मिले दो युवकों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों युवकों के कब्जे से दो स्टील के चाकू और एक मोटरसाइकिल जब्त की है।

लंबे समय से फरार 4 स्थायी वारंटी पकड़े

पुलिस के मुताबिक, ऑपरेशन बाज के तहत स्थायी वारंटों की तामिली के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान सूचना तंत्र की मदद से बिल्हा क्षेत्र के अलग-अलग गांवों और अन्य स्थानों पर काम कर रहे स्थायी वारंटियों की तलाश की गई। कार्रवाई में जयंत भास्कर, संजू डहरिया, सूरज मरावी और मंगलदास डहरिया को पकड़ा गया। ये आरोपी नकबजनी, आबकारी और विद्युत अधिनियम से जुड़े मामलों में स्थायी वारंट के तहत वांछित थे। पुलिस ने चारों को न्यायालय में पेश किया।

बिल्हा पुलिस के अनुसार, पिछले एक सप्ताह के भीतर 10 स्थायी वारंटों की तामिली की जा चुकी है। अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।

चाकू लहराते दो युवक गिरफ्तार

दूसरी कार्रवाई में नवरात्रि के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए की जा रही सरप्राइज चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो युवकों को पकड़ा। पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर को डोड़कीभाठा मोड़ के पास जांच के दौरान एक युवक मोटरसाइकिल पर था, जबकि दूसरा पैदल जा रहा था। दोनों के पास चाकू थे और वे उन्हें लहरा रहे थे। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।

आरोपियों की पहचान आमापारा, बिल्हा निवासी आकाश सारथी  और मनीष सागर  के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से दो स्टील के चाकू और डीलक्स मोटरसाइकिल सीजी 10 बीआर 5190 जब्त की। दोनों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम की धाराओं 25 और 27 के तहत अलग-अलग अपराध दर्ज किए गए हैं। गिरफ्तारी के बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई

दोनों कार्रवाइयां पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा राजेश जोशी के मार्गदर्शन में की गईं। स्थायी वारंटियों की तलाश और चाकू रखने के मामलों में कार्रवाई के लिए थाना स्तर पर पुलिस टीमों को लगाया गया था।