Voter List Update/छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में दिसंबर 2026 में होने वाले नगरीय निकायों के आम और उपचुनाव की तैयारियों के बीच मतदाता सूची तैयार करने के कार्यक्रम में संशोधन किया गया है।

राज्य निर्वाचन आयोग ने दावा-आपत्तियों के निराकरण और मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने के लिए संशोधित समय-सारणी जारी की है। इसके तहत दावा-आपत्तियों का निराकरण 19 नवंबर तक होगा, जबकि पात्र मतदाता 20 नवंबर तक नगर निकाय की मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकेंगे।

1 अक्टूबर 2026 की स्थिति के आधार पर तैयार होगी सूची

जिला प्रशासन के अनुसार, नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायत क्षेत्रों की मतदाता सूची 1 अक्टूबर 2026 की स्थिति के आधार पर तैयार की जा रही है। पहले जारी कार्यक्रम में आंशिक बदलाव करते हुए आयोग ने दूसरे चरण की कुछ तारीखों में संशोधन किया है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दुर्ग की ओर से 12 नवंबर को भेजे गए पत्र पर विचार करने के बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने 13 नवंबर को संशोधित आदेश जारी किया।

20 नवंबर तक नाम जोड़ने के लिए कर सकेंगे आवेदन/Voter List Update

संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, मतदाता सूची पर प्राप्त दावे और आपत्तियों का निराकरण 19 नवंबर तक किया जाएगा। इसके बाद 20 नवंबर तक नगर निकाय की मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए आवेदन किए जा सकेंगे। इसके लिए पात्र मतदाताओं को प्रारूप क-1 में संबंधित रजिस्ट्रीकरण अधिकारी या सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के समक्ष आवेदन प्रस्तुत करना होगा।

यह सुविधा उन मतदाताओं के लिए है, जिनका नाम विधानसभा की मतदाता सूची में दर्ज है, लेकिन किसी कारणवश नगर निकाय की मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है। ऐसे मतदाता आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित प्रारूप में आवेदन कर सकते हैं। दस्तावेजों की जांच के बाद पात्र पाए जाने पर उनका नाम संबंधित नगरीय निकाय की मतदाता सूची में जोड़ा जाएगा।

निरस्त आवेदनों की भी होगी दोबारा जांच

जिला प्रशासन के मुताबिक, प्रारूप क-1 में आवेदन करने के बाद जिन मतदाताओं के आवेदन निरस्त कर दिए गए थे, उनके मामलों की भी दोबारा जांच की जाएगी। ऐसे आवेदकों को सूचना देकर आवश्यक दस्तावेज मांगे जाएंगे। दस्तावेजों के आधार पर आवेदन की पुनः जांच होगी और पात्र पाए जाने पर मतदाता का नाम सूची में शामिल किया जाएगा। इसके लिए सभी रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को अभियान चलाकर पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने की कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

26 नवंबर तक पूरी होगी मतदाता सूची की जांच

आयोग ने आगे की प्रक्रिया के लिए भी समय-सीमा निर्धारित की है। प्राप्त आवेदनों का निराकरण 23 नवंबर तक किया जाएगा। दावा-आपत्तियों पर पारित आदेश से असंतुष्ट व्यक्ति आदेश जारी होने के पांच दिनों के भीतर अपील कर सकेंगे।

मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने, पहले से दर्ज नामों में संशोधन करने और अपात्र व्यक्तियों के नाम हटाने से संबंधित जानकारी 25 नवंबर तक सॉफ्टवेयर में दर्ज करनी होगी। इसके बाद 26 नवंबर तक मतदाता सूची की जांच पूरी कर जांच सूची छपाई के लिए जिला कार्यालय को सौंप दी जाएगी।

ऑनलाइन भी चेक कर सकते हैं मतदाता सूची में अपना नाम/Voter List Update

राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, जिन प्रक्रियाओं की तारीखों में बदलाव किया गया है, वे संशोधित समय-सारणी के अनुसार पूरी होंगी। शेष प्रक्रिया पहले जारी कार्यक्रम के मुताबिक चलेगी। मतदाता घर बैठे ऑनलाइन भी अपना नाम जांच सकते हैं।

विधानसभा की मतदाता सूची में नाम खोजने के लिए मतदाता अपने EPIC नंबर के आधार पर निर्वाचन आयोग की वेबसाइट https://electoralsearch.eci.gov.in/uesfmempmlkypo पर जा सकते हैं। वहीं, नगर निकाय की मतदाता सूची में अपना नाम और वार्ड की जानकारी जानने के लिए https://cgsecerms.cgstate.gov.in/u202612 पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।