School close:भोपाल: मध्य प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर से अपनी रफ्तार पकड़ ली है, जिससे पूरे प्रदेश में झमाझम बारिश का दौर शुरू हो चुका है। रविवार को हुई मूसलाधार बारिश के चलते मंडला, डिंडौरी, विदिशा और जबलपुर समेत कई जिलों में नदी-नाले उफान पर आ गए और निचले इलाकों व सड़कों पर भारी जलभराव की स्थिति निर्मित हो गई है।

मौसम विभाग (IMD) ने मानसून ट्रफ और कम दबाव का क्षेत्र (Low-Pressure Area) सक्रिय होने के कारण आज सोमवार को भी भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

​मौसम विभाग की चेतावनी: 5 जिलों में ऑरेंज तो 17 में येलो अलर्ट

​मौसम विभाग के अनुसार, मध्य प्रदेश के 5 जिलों में अति भारी बारिश का ‘ऑरेंज अलर्ट’ तथा 17 जिलों में भारी बारिश का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। इसके अलावा प्रदेश के लगभग 33 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक के साथ वज्रपात (बिजली गिरने) और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है।

​बारिश और आयोजनों के चलते कई जिलों में स्कूलों की छुट्टी घोषित

​खराब मौसम और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई जिलों के प्रशासन ने स्कूलों व आंगनबाड़ियों में अवकाश के आदेश जारी किए हैं:

  1. ​राजगढ़: कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले के नर्सरी से कक्षा 12वीं तक के सभी शासकीय एवं अशासकीय (MP Board, CBSE, ICSE) विद्यालयों में 10 अगस्त 2026 को एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है। हालांकि, समस्त शिक्षक और विद्यालयीन कर्मचारी निर्धारित समयानुसार उपस्थित रहेंगे।
  2. ​भोपाल: राजधानी भोपाल में अत्यधिक वर्षा को देखते हुए आज सोमवार को नर्सरी से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए सभी सरकारी, प्राइवेट व अनुदान प्राप्त स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है।
  3. ​डिंडौरी: जिले में बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए अवकाश घोषित किया है।
  4. ​जबलपुर: कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत जबलपुर कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देश पर नगर निगम क्षेत्र में संचालित सभी शासकीय व अशासकीय स्कूलों में सोमवार 10 अगस्त को अवकाश का आदेश जारी किया गया है।