बिलासपुर… यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों पर अब ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई के साथ उसके उल्लंघन पर भी नजर रहेगी। बिलासपुर में जनवरी से अक्टूबर 2026 तक यातायात नियमों के उल्लंघन पर 892 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए जा चुके हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने स्पष्ट किया है कि लाइसेंस निलंबित होने के बावजूद वाहन चलाते पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मंगलवार को जिला कार्यालय के मंथन सभाकक्ष में कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। इसमें सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने, दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुधार कार्य और सुरक्षित यातायात व्यवस्था को लेकर किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की गई।

खतरनाक मोड़ों पर सुधार, दो स्थानों पर काम

सड़क सुरक्षा के तहत पंधी मोड़ पर सीमेंट कांक्रीट से सड़क चौड़ीकरण कराया गया है। इससे मोड़ पर दृश्यता बेहतर होने और वाहनों की आवाजाही सुरक्षित बनाने में मदद मिलेगी। वहीं लगरा मोड़ और ग्राम जांजी में भी जल्द मरम्मत कार्य शुरू करने की तैयारी है। इन स्थानों पर सुधार से दुर्घटनाओं की आशंका कम करने का प्रयास किया जाएगा।

 बच्चों को यातायात नियमों की जानकारी

बैठक में एसएसपी सिंह ने स्कूलों में विशेष अभियान चलाकर विद्यार्थियों को यातायात नियमों और सुरक्षित आवागमन के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया। सड़क सुरक्षा के लिए नियमों के पालन के साथ दुर्घटना संभावित स्थानों में सुधार और लोगों में यातायात अनुशासन बढ़ाने पर भी चर्चा हुई।

बैठक में नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल, अपर कलेक्टर, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।