बिलासपुर…परिवार के साथ बाहर गए एक व्यक्ति के सूने मकान में चोरों ने हाथ साफ कर दिया। अलमारी और लॉकर तोड़कर सोने-चांदी के जेवर, बर्तन और हाथ घड़ी समेत कीमती सामान पार कर दिया। मामले में मोपका चौकी पुलिस ने चोरी करने और चोरी का सामान खरीदने के आरोप में पांच युवकों तथा एक अपचारी बालक को पकड़ा है। उनकी निशानदेही पर करीब दो लाख रुपये का चोरी गया सामान बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम बिजौर निवासी नीरज सूर्या 21 अक्टूबर को परिवार के साथ चकरभाठा गए थे। 25 अक्टूबर को लौटने पर घर के कमरे में सामान बिखरा मिला। अलमारी और लॉकर टूटे हुए थे। जांच करने पर सोने-चांदी के जेवर, बर्तन और हाथ घड़ी समेत अन्य सामान गायब मिला। नीरज की रिपोर्ट पर मोपका चौकी में अपराध दर्ज कर पुलिस ने चोरों की तलाश शुरू की।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर संदेहियों तक पहुंच बनाई। पकड़े गए आरोपियों और अपचारी बालक की निशानदेही पर चोरी के सोने-चांदी के जेवर, बर्तन, हाथ घड़ी समेत करीब दो लाख रुपये का सामान बरामद कर जब्त किया गया। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए लोगों में चोरी करने के साथ चोरी का सामान खरीदने के आरोपी भी शामिल हैं।

पुलिस ने अयान खान, दिव्यांश लश्कर, नेतराम साहू, राजा सोनी , समीर बघेल और एक अपचारी बालक को पकड़ा है। आरोपियों में अयान खान और समीर बघेल शक्ति के बुधवारी बाजार के निवासी हैं, जो फिलहाल बिजौर में रह रहे थे। दिव्यांश लश्कर ग्राम बिजौर, नेतराम साहू बेहतराई अटल चौक और राजा सोनी तिफरा के शांति नगर का निवासी है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई में मोपका चौकी और सरकंडा थाना पुलिस के स्टाफ की भूमिका रही।