बिलासपुर… महज 20 हजार रुपये वापस मांगने और जमीन में हिस्सा देने के विवाद ने एक परिवार को ऐसी त्रासदी में धकेल दिया, जिसकी कल्पना भी मुश्किल है। सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम सेलर में एक बेटे पर अपने ही पिता की बेरहमी से हत्या करने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पहले पिता के सिर पर दरवाजे में लगने वाले लोहे के हुक से कई वार किए और फिर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसे बुजुर्ग ने सिम्स अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना 11 नवंबर की सुबह करीब 11.30 बजे की है। पुलिस के अनुसार, ग्राम सेलर निवासी विश्राम केंवट घर के आंगन में बैठे थे। उनकी बेटी दूरपति बाई रात्रे घर की बाड़ी में काम कर रही थी। इसी दौरान उसकी बेटी सीमा ने आकर बताया कि मामा आशाराम घर आए हैं और नाना से विवाद कर रहे हैं। दूरपति बेटी के साथ घर पहुंची तो पिता गंभीर रूप से झुलसी हालत में मिले। बड़े बेटे आशाराम केंवट ने उनके साथ मारपीट करने के बाद पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी। दूरपति ने गमछे से आग बुझाने की कोशिश की और 108 एंबुलेंस की मदद से पिता को सिम्स अस्पताल पहुंचाया। लेकिन रात में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

20 हजार रुपये और जमीन के हिस्से को लेकर था विवाद

पुलिस की पूछताछ में आरोपी आशाराम ने बताया कि उसने वर्ष 2007 में अपने पिता को 20 हजार रुपये दिए थे। वह इसी रकम को वापस मांग रहा था। इसके साथ ही जमीन में अपना हिस्सा देने की मांग भी कर रहा था। पुलिस के मुताबिक, पिता विश्राम केंवट ने रुपये लौटाने और जमीन का बंटवारा करने से इनकार कर दिया। उसने आशाराम से यह भी कहा कि वह उनका बेटा नहीं है। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने हत्या की नीयत से पिता के सिर पर दरवाजे में लगने वाले लोहे के हुक से कई बार हमला किया और बाद में सिर पर पेट्रोल डालकर लाइटर से आग लगा दी।

एफएसएल टीम ने जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य

घटना की गंभीरता को देखते हुए सीपत पुलिस ने तत्काल एफएसएल टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। नगर पुलिस अधीक्षक तिलेश्वर प्रसाद यादव ने भी घटनास्थल पहुंचकर जांच के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। आरोपी को ग्राम बरेली में पुलिस ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद हत्या में इस्तेमाल लोहे का हुक बरामद किया। पुलिस ने आरोपी आशाराम केंवट, निवासी बजरंग चौक, बरेली को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

मामले में मृतक की बेटी दूरपति बाई की रिपोर्ट पर बीएनएस की धारा 103(1) में हत्या का अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया।