बिलासपुर…आस्था के केंद्र शिव मंदिर के आसपास नशे का कारोबार चलने की सूचना पर सीपत पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ग्राम मटियारी स्थित बाबा धाम शिव मंदिर के पास हुई कार्रवाई में पुलिस ने दोनों के कब्जे से कुल 900 ग्राम गांजा जब्त किया है। इसकी कीमत 45 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक 12 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम मटियारी के बाबा धाम शिव मंदिर के पास कवि शिकारी गांजा बिक्री के लिए लेकर पहुंचा है। सूचना मिलते ही सीपत पुलिस और एसीसीयू की टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी। वहां कवि शिकारी, निवासी मटियारी और भकोली वंशकार, निवासी बंधवापारा ईमलीभांठा, थाना सरकंडा मिले।

तलाशी के दौरान कवि शिकारी के पास रखे सफेद प्लास्टिक के थैले से 500 ग्राम गांजा मिला, जबकि भकोली वंशकार के पास नीले रंग की प्लास्टिक पन्नी में 400 ग्राम गांजा रखा हुआ था। पुलिस ने दोनों के कब्जे से कुल 900 ग्राम गांजा जब्त कर लिया।

दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। यह कार्रवाई पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।