तखतपुर।छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन ब्लॉक इकाई तखतपुर के तत्वावधान में 22 अगस्त 2026 को तखतपुर ब्लॉक मुख्यालय में शिक्षकों ने विशाल एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन और आक्रोश रैली निकाली.

ब्लॉक अध्यक्ष अमलेश कुमार पाली के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन के माध्यम से शिक्षकों ने सेवा में टीईटी (TET) की अनिवार्यता समाप्त करने, लंबे समय से लंबित वेतन विसंगति को दूर करने तथा प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा गणना कर समस्त सेवा लाभ प्रदान करने की पुरजोर मांग की.

तखतपुर के विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) कार्यालय से शुरू होकर रैली तहसील एवं एसडीएम (SDM) कार्यालय पहुंची, जहां शिक्षकों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को बुलंद किया.

प्रदर्शन के अंत में शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल ने बीईओ और एसडीएम को राज्य के मुख्यमंत्री और स्कूल शिक्षा मंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा. शिक्षकों का कहना है कि वर्षों से निष्ठापूर्वक सेवाएं दे रहे सेवारत शिक्षकों पर अचानक टीईटी की अनिवार्यता थोपना उनके भविष्य और सेवा सुरक्षा के साथ अन्याय है.

इस बड़े जिला स्तरीय विरोध प्रदर्शन में संगठन के प्रांतीय और जिला स्तर के पदाधिकारियों की गरिमामयी मौजूदगी रही. कार्यक्रम में कार्यकारी प्रांताध्यक्ष अश्वनी कुर्रे, प्रांतीय सलाहकार रंजीत बनर्जी, प्रदेश मीडिया प्रभारी वीरेंद्र यादव, जिलाध्यक्ष सुनील पाण्डेय और जिला संयोजक ढोलालाल पटेल समेत जिला सचिव रवींद्र खूंटे, संदीप ठाकुर, जीवंती खलखो, अरुण प्रजापति, मनोज माहेश्वरी और मनोज पटेल विशेष रूप से शामिल हुए.

प्रदर्शन में ब्लॉक भर के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. इस दौरान सुभाष देवांगन, शेखर पाण्डेय, जे पी मानिकपुरी, शब्बीर अंसारी, प्रवीण वैष्णव, प्रवीण ध्रुव, गुलाम रसूल खान, रामभुवन यादव, रथ राम श्रीवास, मनोज खूंटे, अनिल बंजारे, पुरुषोत्तम कौशिक, कृपादान लकड़ा, दीपक कौशिक, समीर कौशिक, अशोक क्षत्रीय, रामसिंह क्षत्रिय, रामकुमार यादव, लक्ष्मी यादव, लक्ष्मीकांत ध्रुव, मुरारी नेताम, नीरज साहू, चंद्रेश तिवारी, चंद्रप्रकाश कश्यप और रमेश कश्यप सहित सैकड़ों की संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे. शिक्षकों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि उनकी जायज मांगों का शीघ्र निराकरण नहीं किया गया तो यह आंदोलन आगे और उग्र रूप लेगा.