Raipur Bus Fire Accident: रायपुर l छत्तीसगढ़ की राजधानी के नवा रायपुर में मंत्रालय महानदी भवन के पास कर्मचारियों से भरी एक चलती बस में अचानक आग लग गई थी. गनीमत रही सभी कर्मचारी समय रहते बस से बाहर निकल गए. लेकिन इस घटना के बाद आक्रोशित कमर्चारियों ने बुधवार को मंत्रालय के बाहर हंगामा किया और विरोध प्रदर्शन पर बैठ गए.

जानकारी के मुताबिक़, गुरुवार को आगजनी की घटना से नाराज कमर्चारियों ने मंत्रालय के गेट पर धरना प्रदर्शन किया. कर्मचारियों ने बस में सुरक्षा की मांग की है. उनका आरोप है वो रोजाना 24-25 साल पुरानी खटारा बसों में सफर कर रहे हैं. जिससे कभी भी कोई भी बड़ा हादसा हो सकता है.

कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि स्टाफ बसों के मेंटेनेंस और फिटनेस की कोई जांच नहीं होती है. न ही परिवहन विभाग द्वारा ध्यान दिया जा रहा है. बस के फिटनेस की अनिवार्य रूप से जांच कराई जानी चाहिए. ताकि भविष्य में कोई ऐसी घटना न हो.

अपनी इन मांगों को लेकर कर्मचारी काम बंद कर करीब 2 घंटे तक मंत्रालय के गेट पर बैठे रहे. हालाँकि अधिकारियों द्वारा उन्हें समझाईश दी गयी. उन्हें कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है. जिसके बाद वो काम पर लौटे.

दरअसल, घटना बुधवार शाम की है. नवा रायपुर स्थित मंत्रालय महानदी भवन के बाहर कर्मचारियों को लेकर जाने वाली बस में अचानक आग लग गई थी. बस में 30 से ज्यादा कर्मचारी सवार थे. बस जैसे ही महानदी भवन के बाहर पहुंची बस के निचले हिस्से और इंजन की तरफ से काला धुआं निकलने लगा. आग तेजी से फैलने लगी.

आगजनी के बाद बस में कर्मचारियों में हड़कंप मच गया. सूझबूझ दिखाते हुए बस को तुरंत रोका गया. सभी को तत्काल खिड़कियों और दरवाजों से बाहर निकाला गया. कई कर्मचारियों ने बस से उतरकर तो कुछ ने कूदकर अपनी जान बचाई. गनीमत रही समय रहते सभी कर्मचारी सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.

घटना की सूचना मिलते ही दमकल और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी  मशक्कत के बाद बस में लगी आग पर काबू पाया. पुलिस टीम घटना की जांच कर रही है. पता लगाया जा रहा है आग कैसे लगी.