LIVE UPDATE
Bilaspur

महुआ शराब पर ताबड़तोड़ रेड: 230 लीटर जब्त, महिला समेत दो आरोपी गिरफ्तार

जरीकेन-पाउच में छिपाकर हो रही थी बिक्री; दोनों आरोपी न्यायिक रिमांड पर

बिलासपुर…कोटा थाना क्षेत्र में अवैध महुआ शराब के खिलाफ पुलिस ने एक ही दिन में दो अलग-अलग गांवों में रेड कर बड़ा नेटवर्क उजागर किया। कपसियां कला और लमकेना में की गई कार्रवाई में कुल 230 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की गई और महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

165 लीटर शराब के साथ आरोपी पकड़ा

पहली कार्रवाई ग्राम कपसियां कला में हुई, जहां धनीराम कुर्रे को पुलिस ने उसके ठिकाने से दबोचा। तलाशी में 10 जरीकेन में भरे 150 लीटर महुआ शराब, पाउच में 5 लीटर और अतिरिक्त जरीकेन में 10 लीटर शराब बरामद हुई। कुल 165 लीटर शराब की कीमत लगभग 33 हजार रुपये आंकी गई। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से अवैध रूप से शराब बेचकर मुनाफा कमा रहा था।

लमकेना में महिला आरोपी से 65 लीटर जब्त

दूसरी कार्रवाई ग्राम लमकेना में की गई, जहां रामशिला महादेवा को अवैध शराब बिक्री करते पकड़ा गया। उसके कब्जे से 60 लीटर जरीकेन में और 5 लीटर अलग कंटेनर में महुआ शराब बरामद हुई। कुल 65 लीटर शराब की कीमत करीब 13 हजार रुपये बताई गई।

नशा प्रहार अभियान के तहत लगातार दबिश

दोनों कार्रवाई ‘चेतना विरुद्ध नशा व प्रहार’ अभियान के तहत की गईं। मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने टीम बनाकर दबिश दी और दोनों मामलों में मौके से शराब जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार किया।

आबकारी एक्ट, रिमांड पर भेजे गए आरोपी

दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब कारोबार पर सख्ती लगातार जारी रहेगी।

टीम की सक्रिय भूमिका

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई। दोनों मामलों में त्वरित और सटीक रेड से अवैध कारोबार पर सीधा प्रहार हुआ।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close