बिलासपुर.. खरीफ सीजन की शुरुआत से पहले जिले में खाद की उपलब्धता को लेकर चल रही चर्चाओं और राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच कृषि विभाग ने दावा किया है कि बिलासपुर जिले में उर्वरकों का पर्याप्त भंडारण मौजूद है। विभाग के अनुसार पिछले वर्ष की तुलना में इस बार न केवल भंडारण बढ़ा है बल्कि वितरण में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।

कृषि विभाग के आंकड़ों के मुताबिक जिले में वर्तमान समय में 49,772 टन से अधिक उर्वरक उपलब्ध है। पिछले वर्ष इसी अवधि में यह आंकड़ा करीब 37,987 टन था। यानी एक वर्ष में खाद भंडारण में लगभग 31 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।

विभाग के अनुसार खरीफ सीजन 2026 के लिए जिले को कुल 68,950 टन उर्वरक उपलब्ध कराने का लक्ष्य मिला है। इसके मुकाबले अब तक लगभग 65 प्रतिशत खाद जिले में पहुंच चुकी है। अधिकारियों का कहना है कि मांग को देखते हुए अग्रिम भंडारण किया गया है ताकि किसानों को सीजन के दौरान परेशानी का सामना न करना पड़े।

वितरण के आंकड़े भी पिछले साल की तुलना में बढ़े हुए बताए जा रहे हैं। इस वर्ष अब तक 26,131 टन से अधिक उर्वरक किसानों तक पहुंचाया जा चुका है, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में लगभग 16,688 टन खाद का वितरण हुआ था। यानी वितरण में करीब 57 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

कृषि विभाग का कहना है कि सहकारी समितियों और निजी विक्रेताओं के माध्यम से लगातार खाद उपलब्ध कराई जा रही है। वर्तमान भंडारण का बड़ा हिस्सा अभी भी शेष है, जिससे आगामी दिनों में किसानों की मांग पूरी करने में किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आएगी।

उप संचालक कृषि पी.डी. हाथेश्वर ने बताया कि जिले की समितियों और अधिकृत विक्रय केंद्रों में पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध है। विभाग लगातार निगरानी कर रहा है और आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त आपूर्ति भी सुनिश्चित की जा रही है।

हालांकि खाद की उपलब्धता को लेकर किसानों और विपक्षी दलों की ओर से लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं, लेकिन कृषि विभाग का दावा है कि जिले में फिलहाल खाद की कोई कमी नहीं है और वितरण प्रक्रिया नियमित रूप से जारी है।