बिलासपुर… नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ और उसका पीछा करने के मामले में बिल्हा पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था, लेकिन साइबर सेल की मदद से पुलिस ने उसका पता लगाकर दबोच लिया।

पुलिस के अनुसार छात्रा की शिकायत पर अप्रैल में मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि परीक्षा देकर घर लौटते समय आरोपी ने रास्ते में उसे रोककर अभद्र व्यवहार किया। विरोध करने पर आरोपी ने दुर्व्यवहार किया और बाद में लगातार उसका पीछा कर परेशान करता रहा।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज किए तथा आवश्यक दस्तावेज जुटाए। इस बीच आरोपी फरार हो गया और लगातार पुलिस की पकड़ से बचने की कोशिश करता रहा।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में बिल्हा पुलिस ने साइबर सेल की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की। मंगलवार को उसे पकड़कर थाना लाया गया, जहां पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं तथा पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की है। आरोपी को विशेष पॉक्सो न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में केंद्रीय जेल भेज दिया गया।

कार्रवाई में थाना बिल्हा पुलिस टीम और साइबर सेल की संयुक्त भूमिका रही।