जांजगीर। सरकारी स्कूलों में शिक्षकों और कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए शुरू की गई वीएसके (विद्या समीक्षा केंद्र) ऑनलाइन अटेंडेंस व्यवस्था में गड़बड़ी का मामला सामने आया है।

जांजगीर जिले के पांचों विकासखंडों अकलतरा, बलौदा, बम्हनीडीह, नवागढ़ और पामगढ़ में बड़ी संख्या में शिक्षक और कर्मचारी स्कूल परिसर के बाहर से मोबाइल के जरिए चेक-इन और चेक-आउट करते पाए गए हैं।

शिक्षा विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, 962 कर्मचारियों ने शाला परिसर की निर्धारित सीमा से बाहर से चेक-आउट किया, जबकि 645 कर्मचारियों ने बाहर से चेक-इन दर्ज कराया। इसके अलावा 107 कर्मचारी ऑन ड्यूटी (OD) के रूप में दर्ज मिले हैं।

विभागीय रिकॉर्ड में कई मामलों में स्कूल से 100 मीटर या उससे अधिक दूरी से हाजिरी दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

मामले को लेकर जिला शिक्षा विभाग ने संबंधित कर्मचारियों का रिकॉर्ड खंगालना शुरू कर दिया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी ब्लॉकों से जानकारी लेकर संबंधितों को नोटिस जारी करने की बात कही है।

वीएसके ऐप के माध्यम से ऑनलाइन हाजिरी दर्ज करने के लिए स्कूल परिसर के आसपास जीपीएस आधारित जियो-फेंसिंग की व्यवस्था निर्धारित की गई है।

विभागीय सूत्रों के अनुसार, कुछ शिक्षक और कर्मचारी इस व्यवस्था की तकनीकी सीमाओं का फायदा उठाकर स्कूल के बाहर से ही हाजिरी दर्ज कर रहे हैं।

आरोप है कि सुबह स्कूल के गेट या आसपास के रास्ते से गुजरते हुए ऐप पर चेक-इन किया जाता है और इसके बाद कुछ कर्मचारी स्कूल में उपस्थित हुए बिना निजी काम से चले जाते हैं। इसी तरह छुट्टी के समय शाम करीब 5 बजे स्कूल के बाहर से चेक-आउट दर्ज कर दिया जाता है।

विभागीय डैशबोर्ड पर उपलब्ध डिस्टेंस लॉग की जांच में कई कर्मचारियों की लोकेशन स्कूल की निर्धारित परिधि से बाहर मिली। सामान्य तौर पर स्कूल परिसर के भीतर से हाजिरी दर्ज होने पर दूरी कम दिखाई देती है, जबकि संबंधित मामलों में 100 मीटर या उससे अधिक की दूरी दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

अटेंडेंस रिकॉर्ड में ऑन ड्यूटी (OD) के इस्तेमाल को लेकर भी सवाल उठे हैं। जिले के 1,112 स्कूलों में बड़ी संख्या में प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों के शिक्षकों को बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) की जिम्मेदारी दी गई है।

उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, मतदाता सूची पुनरीक्षण और सर्वे से जुड़े कार्य स्कूल समय से पहले या कक्षाएं समाप्त होने के बाद किए जाने हैं। इसके लिए शिक्षकों को वेतन के अतिरिक्त 12 हजार रुपये वार्षिक मानदेय दिए जाने की व्यवस्था बताई गई है, जो पहले 5 हजार रुपये था।

इसके बावजूद कुछ शिक्षकों पर आरोप है कि वे बीएलओ ड्यूटी के नाम पर स्कूल अवधि में अनुपस्थित रहने के लिए ऐप पर OD दर्ज कर रहे हैं। बताया गया है कि OD दर्ज होने के बाद शाम को सामान्य चेक-आउट की बाध्यता नहीं रहती। ऐसे में विभागीय स्तर पर OD प्रविष्टियों की भी जांच की जा रही है।

शिक्षा विभाग के आंकड़ों में अलग-अलग पदों पर कार्यरत कर्मचारियों की हाजिरी से जुड़ी प्रविष्टियां सामने आई हैं। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार:

  • सहायक शिक्षक: 267 ने बाहर से चेक-आउट और 174 ने बाहर से चेक-इन किया। 24 कर्मचारी OD पर दर्ज हुए।
  • शिक्षक: 224 ने बाहर से चेक-आउट, 141 ने चेक-इन किया और 33 OD पर दर्ज हुए।
  • व्याख्याता: 167 ने बाहर से चेक-आउट और 136 ने बाहर से चेक-इन किया।
  • प्राथमिक प्रधान पाठक: 121 ने बाहर से चेक-आउट और 91 ने बाहर से चेक-इन किया।
  • मिडिल स्कूल प्रधान पाठक: 52 ने बाहर से चेक-आउट और 26 ने बाहर से चेक-इन किया।
  • प्राचार्य: 13 ने बाहर से चेक-आउट, 9 ने बाहर से चेक-इन किया और 6 OD पर दर्ज हुए।

इसके अलावा सहायक ग्रेड-2 के 14, सहायक ग्रेड-3 के 39, प्रयोगशाला सहायक शिक्षकों के 18 और भृत्यों के 26 मामलों में बाहर से चेक-आउट दर्ज हुआ है। पीटीआई के 3 और कृषि शिक्षकों के 2 मामले भी सूची में शामिल हैं। लाइब्रेरियन और स्पेशल एजुकेटर से जुड़ी प्रविष्टियां भी रिकॉर्ड में सामने आई हैं।

पढ़ाई प्रभावित होने की आशंका, नोटिस जारी करने की तैयारी

स्कूल परिसर से बाहर रहकर हाजिरी दर्ज करने और OD के संभावित दुरुपयोग से सरकारी स्कूलों में नियमित अध्यापन प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। विभागीय स्तर पर अब इन प्रविष्टियों की जांच कर वास्तविक स्थिति का पता लगाने की तैयारी है। हालांकि, डिस्टेंस लॉग में दर्ज दूरी के आधार पर ही किसी कर्मचारी की जानबूझकर अनुपस्थिति या अनुशासनहीनता को अंतिम रूप से प्रमाणित नहीं माना जा सकता। संबंधित कर्मचारियों का पक्ष और अन्य रिकॉर्ड भी जांच का हिस्सा होंगे।

जिला शिक्षा अधिकारी एमपी सिंह ने बताया कि वीएसके ऐप से प्राप्त जानकारी के आधार पर मॉनिटरिंग की जा रही है। सभी विकासखंडों से संबंधित रिकॉर्ड मंगाया जा रहा है। जांच के बाद जिन कर्मचारियों के खिलाफ अनियमितता सामने आएगी, उन्हें नोटिस जारी कर जवाब मांगा जाएगा।