बिलासपुर… जिले में अवैध महुआ शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने मंगलवार को दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में शराब जब्त की है। चकरभाठा और कोटा थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से 123.5 लीटर महुआ शराब बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

वर्मा मोहल्ला में 110 लीटर महुआ शराब बरामद

चकरभाठा थाना क्षेत्र के वर्मा मोहल्ला में मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दबिश दी। कार्रवाई के दौरान सत्यवती वर्मा (35) के कब्जे से 110 लीटर महुआ शराब बरामद की गई। पुलिस के अनुसार 15-15 लीटर क्षमता वाले सात प्लास्टिक डिब्बों और एक 5 लीटर के कंटेनर में शराब रखकर बिक्री की जा रही थी। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 22 हजार रुपये बताई गई है। पूछताछ में महिला ने शराब बिक्री के उद्देश्य से रखने की बात स्वीकार की, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

खैरझिटी में भी चला पुलिस का प्रहार

इधर कोटा थाना पुलिस ने चेतना विरुद्ध नशा एवं प्रहार अभियान के तहत ग्राम खैरझिटी में कार्रवाई कर मनोज सोनवानी (53) को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 14 लीटर हाथ भट्ठी की बनी कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। पुलिस ने एक जेरिकेन और सात पॉलिथीन पैकेटों में रखी शराब जब्त की है।

124 लीटर शराब जब्त, नशे के कारोबारियों पर सख्ती

दोनों कार्रवाई में कुल 124 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की गई है। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि अपने आसपास अवैध शराब या अन्य आपराधिक गतिविधियों की जानकारी तत्काल स्थानीय थाना या डायल-112 को दें।