बिलासपुर…कस्टम मिलिंग के लिए उठाए गए धान के भौतिक सत्यापन में बड़ी कमी मिलने पर कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर खाद्य विभाग ने दो राइस मिलों को सील कर दिया। कोटा की राजमुनि एग्रो राइस मिल और बहतराई की पार्वती राइस मिल में कुल 66 हजार 66.4 क्विंटल धान कम मिला है। दोनों मिल संचालकों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। चावल जमा करने में पीछे चल रहे 20 अन्य मिलर्स को भी नोटिस जारी किया गया है।

खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में समितियों और संग्रहण केंद्रों से उठाए गए धान के बदले मिलर्स को नागरिक आपूर्ति निगम और भारतीय खाद्य निगम में चावल जमा करना है। इसी काम की समीक्षा के दौरान 26 नवंबर को खाद्य विभाग की टीम ने दोनों मिलों में धान का भौतिक सत्यापन किया।

कोटा स्थित राजमुनि एग्रो राइस मिल की जांच में 36 हजार 916.4 क्विंटल धान कम मिला। वहीं बहतराई स्थित पार्वती राइस मिल में 29 हजार 150 क्विंटल धान की कमी सामने आई। दोनों मिलों में कुल कमी 66 हजार क्विंटल से अधिक है। जांच के बाद खाद्य विभाग ने दोनों मिलों को सील कर दिया।

खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर ने बताया कि नागरिक आपूर्ति निगम में चावल जमा कराना प्राथमिकता का काम है। लक्ष्य के मुताबिक चावल जमा नहीं करने वाले 20 मिलर्स को कारण बताओ नोटिस दिया गया है। उन्होंने कहा कि कस्टम मिलिंग और चावल जमा करने में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई की जाएगी।