बिलासपुर…मां के इलाज के लिए जन स्वास्थ्य केंद्र गनियारी पहुंचे युवक का मोबाइल अस्पताल के जनरल वार्ड से चोरी हो गया। कोटा पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज होने के कुछ ही घंटों में मामले के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से चोरी का मोबाइल भी बरामद किया गया है। मामले में एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, 25 नवंबर को कृष्णा प्रजापति अपनी मां को इलाज के लिए जन स्वास्थ्य केंद्र गनियारी में भर्ती कराए थे। इसी दौरान जनरल वार्ड में अपना रेडमी मोबाइल छोड़कर पानी लेने गए। वापस लौटे तो मोबाइल गायब था। काफी तलाश के बाद भी मोबाइल नहीं मिला, जिसके बाद उन्होंने कोटा थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

मामले में अपराध दर्ज होते ही कोटा पुलिस ने पतासाजी शुरू की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने चोरभट्टी, थाना सकरी निवासी विकास यादव और समीर अली को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से करीब सात हजार रुपये कीमत का रेडमी मोबाइल बरामद किया गया है। दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है। उसकी तलाश जारी है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, प्रभारी उप निरीक्षक नागेश्वरी साहू, प्रधान आरक्षक गजेंद्र सिंह तथा आरक्षक सुरेंद्र कौशिक और दिलहरण पैकरा की भूमिका रही।