बिलासपुर। शराब पीने के लिए पैसे मांगना और इनकार करने पर चाकू की नोक पर लूट करना एक युवक को महंगा पड़ गया। सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात के कुछ ही घंटों में आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू और लूटी गई नगदी बरामद कर ली।

पुलिस के अनुसार, सीपत एनटीपीसी निवासी देवेन्द्र गुप्ता 26 जुलाई की सुबह करीब 9 बजे रैपिडो से एक ग्राहक को टिकरापारा की गली में छोड़कर लौट रहे थे। इसी दौरान शिव टॉकीज चौक के पास रहने वाले राहुल गोस्वामी ने उनका रास्ता रोक लिया और शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा। जब देवेन्द्र ने पैसे देने से मना किया तो आरोपी ने धारदार चाकू निकालकर उन्हें धमकाया और उनकी जेब से नगदी तथा आधार कार्ड लूटकर फरार हो गया।

पीड़ित की शिकायत पर सिटी कोतवाली थाना में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकपंकज कुमार पटेल तथा नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने शराब पीने के लिए पैसे मांगने और मना करने पर चाकू की नोक पर लूट की वारदात स्वीकार कर ली। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू और लूटी गई नगदी जब्त कर ली। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।