बिलासपुर…वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में चल रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बिलासपुर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 139 नशीली टैबलेट, 800 ग्राम गांजा, बिक्री की नकदी और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है। पुलिस अब नशीले पदार्थों के पूरे सप्लाई नेटवर्क और आर्थिक लेन-देन की भी जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि अरपा नदी के पचरीघाट क्षेत्र में एक युवक नशीली दवाइयों और गांजे की बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में सिटी कोतवाली पुलिस ने घेराबंदी कर देवेन्द्र इंगले निवासी पचरीघाट को रंगे हाथों दबोच लिया।

तलाशी में आरोपी के पास से 139 नग NITRAZEPAM एवं NITROSUN नशीली टैबलेट, 800 ग्राम गांजा, बिक्री की1,000 नकद तथा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल CG-10/3568 बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(B), 22(B) एवं 29 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी। नशीली दवाइयों और गांजे के स्रोत, सप्लाई चेन, इससे जुड़े अन्य आरोपियों तथा अवैध कारोबार से अर्जित संपत्ति और आर्थिक लेन-देन की भी गहन जांच की जा रही है। बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ ऑपरेशन प्रहार आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।