बिलासपुर… शादी का झांसा देकर युवती का लंबे समय तक दैहिक शोषण करने और बाद में दूसरी शादी कर फरार हुए आरोपी को सिरगिट्टी पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया। पुलिस से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा आरोपी अपने ससुराल में छज्जे पर छिपा मिला, जहां से उसे दबोच लिया गया।

पुलिस के अनुसार, अमन यादव उर्फ राजा निवासी सरगांव, जिला मुंगेली ने 21 अगस्त 2025 से पीड़िता को विवाह का भरोसा देकर उसके साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाए। बाद में उसने दूसरी शादी कर ली और पीड़िता से विवाह करने से साफ इनकार कर दिया।

पीड़िता की शिकायत पर 2 मई 2026 को सिरगिट्टी थाना में भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 और 296 के तहत अपराध दर्ज किया गया। मामला दर्ज होने के बाद आरोपी फरार हो गया और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपना ठिकाना बदलता रहा।

विवेचना के दौरान सिरगिट्टी पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अपने ससुराल चोर भट्ठी कला में छिपा हुआ है। पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी घर के छज्जे में छिप गया, लेकिन पुलिस ने तलाश कर उसे वहीं से गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले की आगे की विवेचना जारी है।