बिलासपुर। छत्तीसगढ़ विद्युत सेवानिवृत्त कर्मचारी अधिकारी महासंघ, बिलासपुर क्षेत्रीय इकाई द्वारा 27 नवंबर  को तिफरा स्थित श्रम कल्याण केंद्र में प्रथम दीपावली मिलन समारोह का भव्य एवं आत्मीय आयोजन किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त विद्युत अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम में उपस्थित सभी साथियों ने एक स्वर में ऐसे आयोजन नियमित रूप से किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ साथी  बसंत कुमार सोनी ने की। मुख्य अतिथि के रूप में महासंघ के राष्ट्रीय महामंत्री  अरुण देवांगन, कार्यकारी अध्यक्ष  बी.एस. राजपूत, मंत्री  शंकर नायडू एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य  संतोष दुबे उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में विद्युत कर्मचारी क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी के अध्यक्ष  नरेश पांडे एवं संगठन मंत्री  शिशिर मजूमदार शामिल हुए। सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता  अनिल व्यास एवं चंद्रमोहन बाजपेयी की विशेष उपस्थिति रही।

भगवान विश्वकर्मा, भारत माता एवं श्रद्धेय दत्तोपंत ठेंगड़ी के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पण के साथ कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर  राजेंद्र शर्मा ने मधुर एकल गीत प्रस्तुत कर समारोह में सांस्कृतिक रंग भर दिया।

समारोह में पधारे सभी अतिथियों एवं वरिष्ठजनों का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंटकर आत्मीय सम्मान किया गया।

एकता, आपसी सहयोग और नियमित मिलन का दिया संदेश

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सभी अतिथियों ने दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी विद्युत परिवार का आपसी संबंध, स्नेह और एकजुटता बनी रहनी चाहिए। सभी साथियों को एकता के सूत्र में बंधकर एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी बनने तथा व्यक्तिगत एवं सामूहिक समस्याओं के समाधान के लिए मिलकर प्रयास करने का आह्वान किया गया।

वक्ताओं ने इस आयोजन की सराहना करते हुए सुझाव दिया कि दीपावली सहित विभिन्न तीज-त्योहारों पर ऐसे मिलन समारोह आयोजित किए जाएं। साथ ही मासिक मिलन कार्यक्रम तथा साथियों के जन्मदिवस को भी सामूहिक रूप से मनाने की परंपरा विकसित की जाए, जिससे आपसी आत्मीयता और संगठनात्मक एकता और मजबूत हो।

जन्मदिवस समारोह ने बढ़ाई आयोजन की खुशियां

समारोह का एक विशेष आकर्षण सेवानिवृत्त कार्यपालन अभियंता  सतीश गुप्ता का जन्मदिवस रहा। उनके जन्मदिन के अवसर पर केक काटकर सभी ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इसके साथ ही विगत दिनों जन्मदिवस मनाने वाले शंकर नायडू,  सलीम एवं  के.के. शुक्ला को भी शुभकामनाएं दी गईं।  सतीश गुप्ता ने जन्मदिन की मिठाई तथा श्रीमती तरुणा बिल्लौरे ने अपने हाथों से निर्मित दीपावली की विशेष मिठाइयां खिलाकर सभी का मुंह मीठा कराया।

संगठन को आर्थिक सहयोग एवं स्मृति चिह्न भेंट

विद्युत कर्मचारी क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी के अध्यक्ष  नरेश पांडे ने सोसायटी की ओर से सभी उपस्थितजनों को स्मृति चिह्न भेंट किए। वहीं पूर्व आयोजनों से बची हुई राशि ₹11,000/- को  दिलीप सरकार ने संगठन की सहयोग निधि के रूप में क्षेत्रीय अध्यक्ष  दिनेश बाजपेयी, क्षेत्रीय सचिव  संतोष शर्मा एवं कोषाध्यक्ष ईश्वर राव को प्रदान किया। इस सहयोग के लिए संगठन की ओर से उनका आभार व्यक्त किया गया।

विद्युत परिवार की व्यापक सहभागिता

इस आयोजन में श्रीमती सुमन चतुर्वेदी, श्रीमती तरुणा बिल्लौरे, सर्वश्री सुब्रत राय,  श्रीहरि श्रीवास्तव,  अनुराग श्रीवास्तव, आनंद त्रिपाठी, श्री रामबाबू गंधर्व,  प्रकाश तललवार,  ईश्वर राव,  कमलेश सिंह,  गुरबीर सिंह धींगरा, आर.एन. देशमुख,  बी.पी. तिवारी, वीरेंद्र गुप्ता,  मनोहर फडणवीस,  अशोक पाल, विकास देवरा,  जवाहर शर्मा,  ए.पी. दुबे,  प्रकाश होनप, सलीम बेग,  ब्रज कुमार गुप्ता,  कृष्ण कुमार शुक्ला,  जे.पी. देवांगन,  सुरेश खेडकर,  महेश दुहलानी, बी.पी. देवांगन, राजेंद्र सिंह ठाकुर,  आर.के. कश्यप सहित अनेक सेवानिवृत्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

छत्तीसगढ़ बिजली कर्मचारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष  संजय तिवारी के साथ  मनीष क्षत्री,  कोमल देवांगन,  काशी राव गाढ़े एवं  संग्राम सिंह ने भी सहयोगी के रूप में अपनी सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम का संचालन क्षेत्रीय सचिव एवं प्रदेश मंत्री  संतोष शर्मा ने किया तथा आभार प्रदर्शन क्षेत्रीय अध्यक्ष एवं प्रदेश उपाध्यक्ष  दिनेश बाजपेयी ने किया।

अंत में सभी उपस्थित अतिथियों एवं वरिष्ठजनों ने सुरुचिपूर्ण स्नेह भोज का आनंद लिया। लंबे समय बाद अपने पुराने साथियों से मिलकर सभी के चेहरे पर प्रसन्नता और आत्मीयता दिखाई दी।

यह आयोजन केवल दीपावली मिलन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि विद्युत परिवार के पुराने रिश्तों को पुनः जीवंत करने, आपसी सहयोग बढ़ाने और संगठनात्मक एकता को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हुआ।

सभी उपस्थित साथियों ने भविष्य में भी ऐसे आयोजन नियमित रूप से आयोजित करने का सामूहिक आग्रह किया।