CG weather – रायपुर। छत्तीसगढ़ में ठंड का असर लगातार बढ़ने लगा है। पिछले तीन दिनों के दौरान दिन और रात के तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है।

अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर सहित कई शहरों में रात का पारा 13 से 15 डिग्री के बीच बना हुआ है।

तापमान में गिरावट के कारण सुबह और शाम ठंड का एहसास बढ़ गया है। रविवार सुबह राजधानी रायपुर की सड़कों पर कोहरा भी देखने को मिला।

मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है। अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इस दौरान प्रदेश में बारिश के आसार भी नहीं हैं। ऐसे में सुबह और रात के समय ठंड का असर बना रह सकता है।

Cg weather।प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में ठंड का प्रभाव अधिक देखने को मिल रहा है। अंबिकापुर और बलरामपुर-रामानुजगंज क्षेत्र में तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है।

पिछले 24 घंटे के दौरान अंबिकापुर में प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, सबसे अधिक अधिकतम तापमान सुकमा में 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

राजधानी रायपुर में भी तापमान में गिरावट का असर साफ दिखाई देने लगा है। तीन दिन पहले तक जहां अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर था, वहीं अब यह घटकर 27.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। रात का न्यूनतम तापमान भी करीब 15 डिग्री दर्ज किया गया है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 29 नवंबर को रायपुर में आसमान मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। दिन में धूप निकलने से मौसम सामान्य रहेगा, लेकिन सुबह और रात के समय ठंड अधिक महसूस होगी।

मौसम विभाग के अनुसार, गंगीय पश्चिम बंगाल और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से करीब 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। हालांकि, इसका छत्तीसगढ़ के मौसम पर फिलहाल कोई विशेष प्रभाव नहीं पड़ रहा है। प्रदेश में आगामी दिनों में भी मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।