नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की तत्परता और सूझबूझ से पैरालिसिस से पीड़ित 75 वर्षीय बुजुर्ग की जान बचा ली गई। शाहदरा जिले के गीता कॉलोनी इलाके में बुजुर्ग घर के भीतर फर्श पर गिरकर फंस गए थे और दर्द से कराह रहे थे। पड़ोसी की सूचना पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की।

बीट ऑफिसर हेड कांस्टेबल जितेंद्र तोमर महज 90 सेकेंड में मौके पर पहुंच गए और लोहे की ग्रिल काटकर घर के अंदर दाखिल हुए। इसके बाद बुजुर्ग को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

शाहदरा जिले के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने समाचार एजेंसी आईएएनएस को बताया कि शनिवार सुबह करीब 9 बजे गीता कॉलोनी क्षेत्र से पुलिस कंट्रोल रूम (PCR) को कॉल मिली थी। कॉल करने वाले पड़ोसी ने बताया कि एक बुजुर्ग अपने घर के अंदर बंद हैं और भीतर से मदद के लिए आवाज आ रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने बिना देरी किए मौके पर टीम भेजी।

डीसीपी के मुताबिक, हेड कांस्टेबल जितेंद्र तोमर मौके पर पहुंचे और खिड़की से अंदर झांककर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने देखा कि पैरालिसिस से पीड़ित 75 वर्षीय चमन लाल फर्श पर पड़े थे। उनका सिर सोफे में फंसा हुआ था और वह दर्द से कराह रहे थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए हेड कांस्टेबल ने तत्काल घर के अंदर पहुंचने का फैसला किया।

उन्होंने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए लोहे की ग्रिल काटी और घर में प्रवेश कर बुजुर्ग को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उनके परिजनों को घटना की सूचना दी गई। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बुजुर्ग को समय रहते मदद मिल सकी।

इसी बीच दिल्ली पुलिस ने एक अन्य कार्रवाई में इलेक्ट्रिक वाहनों की लिथियम बैटरियां चोरी करने वाले संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। थाना अलीपुर और एएटीएस की संयुक्त टीम ने इस मामले में नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी इलेक्ट्रिक वाहनों से लिथियम बैटरियां चोरी करते थे। इसके बाद बैटरियों के सेल और अन्य पुर्जे अलग कर उन्हें रिफर्बिश करने के बाद बाजार में बेच दिया जाता था। इस तरह चोरी की बैटरियों और उनके हिस्सों को दोबारा इस्तेमाल के लिए बाजार में खपाया जा रहा था।

दिल्ली पुलिस ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस कार्रवाई की जानकारी साझा की। हालांकि, गिरोह से बरामद बैटरियों की संख्या, चोरी की घटनाओं और आरोपियों की विस्तृत भूमिका के बारे में अतिरिक्त जानकारी सामने आना बाकी है।