बिलासपुर…बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट में शुक्रवार को एंटी हाईजैक मॉक ड्रिल के दौरान पूरा एयरपोर्ट हाई अलर्ट मोड में नजर आया। विमान अपहरण की काल्पनिक सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियों ने मोर्चा संभाला और त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आतंकी को मार गिराया, जबकि दूसरे को जिंदा पकड़ लिया गया। पूरे ऑपरेशन के दौरान यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभ्यास किया गया।

ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन के निर्धारित मानकों के तहत आयोजित यह मॉक ड्रिल वर्ष में एक बार कराई जाती है, ताकि विमान अपहरण जैसी आपात स्थिति में सुरक्षा एजेंसियों की तैयारी और समन्वय का परीक्षण किया जा सके।

ड्रिल के अनुसार विमान में 30 यात्री सवार थे। एयरक्राफ्ट हाईजैक होने की सूचना मिलते ही एयर ट्रैफिक कंट्रोलर ने तत्काल जिला दंडाधिकारी संजय अग्रवाल और पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह को सूचना दी। इसके बाद एयरपोर्ट नोडल अधिकारी, एयरपोर्ट डायरेक्टर, सीएसओ, कासो, एयरलाइंस स्टेशन मैनेजर, भाषा विज्ञानी और स्थानीय पुलिस सहित एयरोड्रोम कमिटी के सदस्य एंटी हाईजैक कंट्रोल रूम में जुटे और ऑपरेशन की रणनीति तैयार की गई।

स्थिति गंभीर होते ही एयरपोर्ट की क्विक रिस्पांस टीम ने कार्रवाई शुरू की। ऑपरेशन के दौरान एक हाईजैकर को मार गिराया गया, जबकि दूसरे को दबोच लिया गया। रेस्क्यू ऑपरेशन में घायल हुए एक यात्री को एयरपोर्ट के एमआई रूम में प्राथमिक उपचार दिया गया।

पूरी मॉक ड्रिल जिला दंडाधिकारी संजय अग्रवाल के नेतृत्व में संपन्न हुई। अभ्यास के दौरान सुरक्षा एजेंसियों ने विमान अपहरण जैसी परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया, समन्वय और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने की क्षमता का प्रदर्शन किया।