बिलासपुर…. जिले के बेलगहना चौकी क्षेत्र में ‘चेतना’ जनजागरूकता अभियान के तहत सामाजिक सरोकार और संवेदनशील पुलिसिंग की एक प्रेरक तस्वीर सामने आई। संरक्षित बैगा जनजाति बहुल ग्राम दारसागर–कुपाबांधा झरना में ‘सियान चेतना सम्मान’ कार्यक्रम का आयोजन कर वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया गया और बच्चों को आवश्यक सामग्री वितरित की गई।

यह कार्यक्रम चेतना अभियान के तहत समाज में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। आयोजन में वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान के साथ-साथ ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े विषयों पर जानकारी दी गई। कार्यक्रम में अनुविभागीय पुलिस अधिकारी कोटा नूपुर उपाध्याय, चौकी प्रभारी उप निरीक्षक हेमंत सिंह, छत्तीसगढ़ वरिष्ठ नागरिक संघ और समाजसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नागरिकों को सियान चेतना सम्मान के अंतर्गत कंबल और शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया, जिससे उनके चेहरे पर आत्मसम्मान और संतोष साफ नजर आया। वहीं बच्चों को स्वेटर, स्कूल बैग और कॉपियां वितरित की गईं, जिससे ठंड के मौसम में उनकी जरूरतों के साथ-साथ शिक्षा के प्रति उत्साह भी बढ़ा। बच्चों के चेहरों पर खुशी और गांव में सकारात्मक माहौल साफ देखा गया।

इस अवसर पर संरक्षित बैगा जनजाति के लोगों को उनके संवैधानिक अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, नशा मुक्ति और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। ग्रामीणों को अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक या किसी भी प्रकार के लालच में आकर व्यक्तिगत जानकारी साझा न करने की समझाइश दी गई।

कार्यक्रम में विशेष रूप से महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों से अपील की गई कि किसी भी समस्या या असुरक्षा की स्थिति में बिना भय पुलिस से संपर्क करें। अधिकारियों ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं, जिनके अनुभव और मार्गदर्शन से समाज को सही दिशा मिलती है, और उनकी सुरक्षा व सम्मान सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।