महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में अवैध महुआ शराब के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची आबकारी विभाग की टीम पर शराब कोचियों ने हमला कर दिया।

बागबाहरा थाना क्षेत्र के बोकरामुड़ा-जामगांव में हुई इस घटना में दो आबकारी उप निरीक्षक और एक महिला कर्मचारी समेत कुल छह कर्मचारी घायल हो गए। हमलावरों ने विभाग के सरकारी वाहन को भी निशाना बनाया और उसमें जमकर तोड़फोड़ की।

मिली जानकारी के अनुसार, आबकारी विभाग की टीम क्षेत्र में अवैध महुआ शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए छापेमारी करने पहुंची थी।

विभाग की ओर से अवैध शराब के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी दौरान कार्रवाई से नाराज शराब कोचियों ने टीम को घेर लिया और कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हमले के दौरान आरोपियों ने आबकारी विभाग के सरकारी वाहन में भी तोड़फोड़ की और उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना में दो आबकारी उप निरीक्षक और एक महिला कर्मचारी सहित छह लोग घायल हुए हैं। सूचना मिलने पर बागबाहरा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।

सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जिला आबकारी अधिकारी रमेश अग्रवाल ने फोन पर घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आबकारी विभाग की ओर से इस संबंध में बागबाहरा थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हमले में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।