CG weather: छत्तीसगढ़ में फिलहाल मौसम का मिजाज शांत और राहत भरा बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक आने वाले पांच दिनों तक पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं।

रात और सुबह के वक्त हल्की ठंड का अहसास बना रहेगा, लेकिन न्यूनतम तापमान में किसी बड़े उतार-चढ़ाव की उम्मीद नहीं है। राहत की बात यह है कि अगले एक हफ्ते तक किसी भी जिले के लिए कोई मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है।

राजधानी रायपुर में शनिवार को आसमान साफ रहने वाला है और दिनभर अच्छी धूप खिलने की उम्मीद है। यहां दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है, जबकि रात में पारा गिरकर 16 डिग्री के करीब पहुंच सकता है।

अगर आप इन दिनों रायपुर घूमने या किसी काम से जाने का प्लान बना रहे हैं, तो मौसम की वजह से किसी तरह की अड़चन नहीं आएगी।

दुर्ग सबसे गर्म और अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा

पिछले 24 घंटों के आंकड़ों पर नजर डालें तो दुर्ग में सबसे ज्यादा गर्मी दर्ज की गई, जहां अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

दूसरी ओर अंबिकापुर में सबसे ज्यादा ठंड पड़ी और वहां न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। रायपुर में बीते दिन अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि जगदलपुर में अधिकतम पारा 30.3 डिग्री और न्यूनतम 19.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

छत्तीसगढ़ के प्रमुख शहरों में तापमान का पूर्वानुमान

आज (28 नवंबर 2026) को छत्तीसगढ़ के प्रमुख शहरों का अधिकतम और न्यूनतम तापमान इस प्रकार रहने का पूर्वानुमान है:

• रायपुर: अधिकतम तापमान 30°C, न्यूनतम तापमान 16°C

• बिलासपुर: अधिकतम तापमान 29°C, न्यूनतम तापमान 15°C

• दुर्ग: अधिकतम तापमान 29°C, न्यूनतम तापमान 16°C

• राजनांदगांव: अधिकतम तापमान 28°C, न्यूनतम तापमान 15°C

• पेंड्रा रोड: अधिकतम तापमान 27°C, न्यूनतम तापमान 11°C

• अम्बिकापुर: अधिकतम तापमान 25°C, न्यूनतम तापमान 10°C

• सूरजपुर: अधिकतम तापमान 25°C, न्यूनतम तापमान 11°C

• जगदलपुर: अधिकतम तापमान 29°C, न्यूनतम तापमान 14°C

एक हफ्ते तक किसी भी जिले में अलर्ट नहीं

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 26 नवंबर से 2 दिसंबर तक प्रदेशभर में मौसम के शुष्क बने रहने की संभावना है। इस दौरान किसी भी हिस्से में बारिश या तेज मौसमी हलचल को लेकर कोई अलर्ट नहीं दिया गया है। दिन में हल्की गर्माहट और सुबह-शाम की सिहरन के बीच लोगों को सामान्य मौसम का सामना करना पड़ेगा।

बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना चक्रवाती परिसंचरण

मौसम से जुड़ी एक और अहम जानकारी यह है कि उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तरी ओडिशा तथा दक्षिणी गंगीय पश्चिम बंगाल के तटों के पास एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। यह सिस्टम समुद्र तल से लगभग 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर बना हुआ है। इसके बावजूद फिलहाल प्रदेश के मौसम में किसी बड़ी बदलाव की चेतावनी नहीं दी गई है।