रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में घर लौट रही 23 वर्षीय युवती के साथ मिनी बस चालक द्वारा छेड़छाड़ किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि चालक ने भनपुरी शराब भट्ठी के पास बस रोककर युवती को नाश्ते का झांसा दिया और फिर बस के दरवाजे व खिड़कियां अंदर से बंद कर उसके साथ जबरदस्ती की। युवती की शिकायत पर खमतराई पुलिस ने आरोपी चालक दिलहरण पाल के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, रांवाभाठा निवासी 23 वर्षीय युवती देवेंद्र नगर स्थित एक प्रिंटिंग कंपनी में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर काम करती है।

वह आमतौर पर आने-जाने के लिए ई-रिक्शा का इस्तेमाल करती थी। बताया गया है कि 21 नवंबर से उसने घर लौटने के लिए अपने ही क्षेत्र के निवासी मिनी बस चालक दिलहरण पाल की बस से सफर करना शुरू किया था।

पीड़िता की शिकायत के मुताबिक, 26 नवंबर की रात करीब 7:45 बजे वह फाफाडीह से मिनी बस में सवार होकर घर लौट रही थी। रास्ते में चालक ने भनपुरी शराब भट्ठी के पास बस रोक दी। उसने पांच मिनट में भजिया और नाश्ता लेकर आने की बात कही और बस से उतर गया। कुछ देर बाद वापस लौटने पर उसने बस के सभी दरवाजे और खिड़कियां अंदर से बंद कर दिए। इसके बाद युवती को भजिया और पानी दिया।

आरोप है कि नाश्ता देने के बाद चालक ने युवती के सामने दोस्ती का प्रस्ताव रखा। उसने कहा कि उसकी पत्नी उसके साथ घूमने नहीं जाती, इसलिए युवती उसकी दोस्त बन जाए। चालक ने यह भी कहा कि बस में दूसरे यात्री मौजूद रहने पर वह उसे ‘भैया’ कहकर बुलाए।

युवती ने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया और पीछे की सीट पर जाने से भी इनकार कर दिया।

शिकायत में युवती ने आरोप लगाया है कि उसके विरोध करने पर चालक ने जबरदस्ती उसका हाथ, बांह और कमर पकड़कर अपनी ओर खींचा। इसके बाद उसके साथ छेड़छाड़ की और जबरन किस किया। अचानक हुई इस घटना से युवती घबरा गई, लेकिन उसने सूझबूझ दिखाते हुए चालक से कहा कि वह अगले दिन उससे मिलकर दोस्ती के बारे में विचार करेगी।

इसके बाद जब उसे बस से उतरने का मौका मिला, तो वह तुरंत वहां से निकलकर घर पहुंची। उसने अपनी मां और भाइयों को पूरी घटना बताई। परिजन उसे लेकर खमतराई थाने पहुंचे और आरोपी चालक के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने युवती की शिकायत के आधार पर दिलहरण पाल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।