धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक युवक ने कथित तौर पर घरेलू विवाद के बाद अपनी मां पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इसके बाद उसने घर के बाहर पड़ोस में दुकान चलाने वाली एक बुजुर्ग महिला को भी निशाना बनाया। हमले में दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के टिकरापारा वार्ड की है।

मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक की पहचान देवा निर्मलकर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शनिवार को घर में किसी बात को लेकर उसका विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर उसने अपनी मां पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।

इसके बाद आरोपी घर से बाहर निकला और पड़ोस में छोटी-सी दुकान चलाने वाली बुजुर्ग महिला कौशल्या बाई पर हमला कर दिया। आरोप है कि उसने धारदार हथियार से उन पर कई वार किए। हमले में कौशल्या बाई का हाथ बुरी तरह जख्मी हो गया और वह घायल होकर गिर पड़ीं।

घटना के बाद आसपास के लोगों ने घायल महिलाओं की मदद की और कौशल्या बाई को गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार, उनके हाथ में गहरा घाव हुआ था, जिसके उपचार के लिए 10 टांके लगाने पड़े। दोनों महिलाओं का अस्पताल में इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी देवा निर्मलकर को हिरासत में ले लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।