बलरामपुर (पृथ्वीलाल केशरी).. सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्र दलधोवा (नवापारा) में बच्चों के लिए खिलौना दान कार्यक्रम आयोजित किया गया। वन मंडलाधिकारी आलोक कुमार बाजपेयी ने केंद्र पहुंचकर बच्चों को खिलौने भेंट किए। हाथों में खिलौने आते ही नन्हे बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में खेल और सीखने का माहौल बेहतर बनाना है। खिलौने बच्चों के लिए केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि उनकी रुचि, कल्पनाशीलता और सीखने की गतिविधियों को बढ़ाने में भी मददगार होते हैं।

आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की प्रारंभिक देखभाल, पोषण और पूर्व-प्राथमिक शिक्षा पर जोर दिया जाता है। ऐसे में खेल एवं शिक्षण सामग्री उपलब्ध होने से बच्चों की रोजमर्रा की गतिविधियों को और रोचक बनाया जा सकता है। सेवा संकल्प अभियान के तहत की गई यह पहल सामाजिक सहभागिता और बच्चों के प्रति संवेदनशीलता का एक प्रयास रही।

कार्यक्रम में सहायक वन संरक्षक निखिल सक्सेना सहित वन विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।