बिलासपुर…बिल्हा थाना क्षेत्र के दो गांवों से मिली शिकायतों के बाद पुलिस ने अवैध गतिविधियों और विवाद से जुड़े मामलों में छह लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। ग्राम भैसबोड़ में अवैध शराब बिक्री और जुआ खेलने की शिकायत सामने आई थी, जबकि भटगांव में गणेश विसर्जन के दौरान मारपीट के मामले को लेकर पुलिस तक शिकायत पहुंची थी।

पुलिस के मुताबिक ग्रामीणों से मिली सूचना और शिकायतों के आधार पर संबंधित लोगों की पतासाजी की गई। इसके बाद भैसबोड़ के चार और भटगांव के दो लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। पुलिस ने सभी छह लोगों को गिरफ्तार कर संबंधित मामलों में इस्तगासा तैयार किया।

भैसबोड़ से जुड़े मामलों में रामकुमार आनंद, महेश कोसले, जमुना बाई मनहर और राजेश बंजारे के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं भटगांव के शक्ति साहू और प्रदीप मानिकपुरी पर भी कार्रवाई की गई है।

पुलिस ने बताया कि सभी मामलों में धारा 170, 126 और 351(3) बीएनएसएस के तहत अपराध दर्ज किया गया। कार्रवाई ऑपरेशन प्रहार के तहत की गई। पुलिस का कहना है कि बीट भ्रमण और ग्रामीणों से जनसंपर्क के दौरान मिलने वाली सूचनाओं के आधार पर अवैध गतिविधियों और विवाद की स्थिति में लगातार कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, प्रशिक्षु उप निरीक्षक मंजुला साहू, रोशनी ध्रुव, देवेन कुमार, आरक्षक अर्जुन जांगड़े और संतोष मरकाम की भूमिका रही।