बिलासपुर… पीठ पर शराब से भरा बैग लादकर मोटरसाइकिल से अवैध बिक्री के लिए निकले युवक को सिरगिट्टी पुलिस ने रास्ते में ही पकड़ लिया। तलाशी में उसके बैग से 35 पाव देशी शराब मिली। पुलिस ने शराब के साथ बिक्री में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।

पुलिस के मुताबिक, 21 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि प्रगति नगर आवासपारा निवासी सलमान खान बजाज डिस्कवर मोटरसाइकिल से शराब लेकर सिरगिट्टी अंडरब्रिज स्थित शराब दुकान से सरदार मोहल्ले की ओर जाने वाला है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी किशोर केंवट ने पुलिस टीम के साथ बताए गए रास्ते पर घेराबंदी कर दी।

कुछ देर बाद पीठ पर बैग लटकाए मोटरसाइकिल से आ रहे सलमान की नजर पुलिस पर पड़ी तो उसने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसे घेरकर पकड़ लिया। पूछताछ और तलाशी में उसके पास से 35 पाव देशी शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत 2800 रुपये बताई गई है।

पुलिस ने शराब के साथ घटना में इस्तेमाल बजाज डिस्कवर मोटरसाइकिल सीजी 10 एबी 1822 भी जब्त की है। आरोपी सलमान खान के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2), 59(क) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। न्यायालय में पेशी के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।