LIVE UPDATE
Bilaspur

शोभायात्रा पर हाईटेक नजर—ड्रोन, CCTV से होगी निगहबानी.. सादे वर्दी में पुलिस तैनात, ट्रैफिक रहेगा डायवर्ट

हनुमान जयंती: शहर में कड़ा पहरा—हर चौराहे पर पुलिस, भीड़ वाले रूट पर एंट्री बंद

बिलासपुर…हनुमान जयंती पर निकलने वाली भव्य शोभायात्राओं को देखते हुए शहर में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर यातायात पुलिस ने पूरे शहर में चाक-चौबंद व्यवस्था लागू कर दी है। ड्रोन कैमरा, सीसीटीवी और सादे वर्दी में जवानों की तैनाती के साथ हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी।

शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, कनेक्टिंग मार्गों और ट्रैफिक पॉइंट्स पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। शोभायात्रा के दौरान भीड़ और दबाव को देखते हुए कई मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्सन लागू रहेगा, ताकि आवागमन सुचारू बना रहे और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।

02 अप्रैल को शहर के अलग-अलग हिस्सों से कई शोभायात्राएं निकाली जाएंगी। बोल बम सेवा समिति की यात्रा शाम 4:30 बजे नया चौक देवरी खुर्द से निकलकर तोरवा चौक, जगमल चौक, गांधी चौक, जूना बिलासपुर होते हुए देवकीनंदन चौक पहुंचेगी। धर्म जागृति मंच की शोभायात्रा दोपहर 3 बजे बुधवारी बाजार स्थित हनुमान मंदिर से शुरू होकर गुरु नानक चौक, दयालबंद, गांधी चौक, कोतवाली, तेलीपारा, सीएमडी चौक, तार बहार होते हुए महाकाल ग्राउंड तक जाएगी।

कालीबाड़ी सरकंडा की शोभायात्रा साइंस कॉलेज मैदान के सामने हनुमान मंदिर से शाम 4:30 बजे निकलकर नूतन चौक, सुभाष चौक, जबड़ापारा और रामसेतु होते हुए देवकीनंदन चौक पहुंचेगी। वहीं लिंगियाडीह से शाम 5 बजे शुरू होने वाली यात्रा बसंत विहार, अशोक नगर, नूतन चौक और सुभाष चौक से गुजरते हुए देवकीनंदन चौक पर समाप्त होगी।

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शोभायात्रा मार्ग पर इस दौरान किसी भी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। नागरिकों से अपील है कि वे अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें।

साथ ही, असामाजिक गतिविधियों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। जगह-जगह ब्रीथ एनालाइजर के साथ पुलिस जवान तैनात रहेंगे, ताकि शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर तत्काल कार्रवाई हो सके।

पुलिस ने शहरवासियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि भीड़भाड़ वाले इलाकों में वाहन लेकर जाने से बचें और व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का साथ दें, ताकि हनुमान जयंती का यह पर्व सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close