Cg news।धमतरी। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक बार फिर कार्रवाई की है। ईडी की टीम ने धमतरी जिले की अपर कलेक्टर इंदिरा नवीन सिंह के रुद्री स्थित सरकारी आवास पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू की है। बताया जा रहा है कि टीम आवास के भीतर मौजूद है और मामले से जुड़े दस्तावेजों तथा अन्य तथ्यों की पड़ताल कर रही है।

पति नवीन सिंह तोमर पहले हो चुके हैं गिरफ्तार

मिली जानकारी के अनुसार, अपर कलेक्टर के सरकारी आवास पर की गई यह कार्रवाई प्रदेश के कथित शराब घोटाले की जांच से जुड़ी है।

गौरतलब है कि इस मामले में इंदिरा नवीन सिंह के पति नवीन सिंह तोमर को ईडी पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। फिलहाल वे जमानत पर बाहर हैं।

पति की गिरफ्तारी के बाद अब अपर कलेक्टर के सरकारी आवास पर ईडी की टीम के पहुंचने से प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। आवास के बाहर सुरक्षा व्यवस्था किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।

जांच के कारणों पर आधिकारिक जानकारी का इंतजार

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ईडी की टीम आवास पर किन दस्तावेजों, लेनदेन या अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। कार्रवाई को लेकर ईडी की ओर से अभी तक कोई विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। जांच पूरी होने के बाद ही कार्रवाई के उद्देश्य और उससे जुड़े तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।