बिलासपुर…लोकतंत्र में मतदान का महत्व और निर्वाचन प्रक्रिया की समझ विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को संविधान दिवस पर सम्मानित किया गया। जिला कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में अपर कलेक्टर वीरेंद्र बहादुर पंचभाई और उप जिला निर्वाचन अधिकारी शिवकुमार बनर्जी ने विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र दिए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। निबंध और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं में 10-10 विद्यार्थियों ने फाइनलिस्ट के रूप में जगह बनाई थी।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर स्कूलों और महाविद्यालयों में गठित निर्वाचन साक्षरता क्लबों के माध्यम से 2 से 20 नवंबर तक तीन स्तरों पर ये प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनका उद्देश्य विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी देना और लोकतांत्रिक व्यवस्था में उनकी भागीदारी के प्रति जागरूक करना था।

जिला स्तरीय निबंध प्रतियोगिता में श्वेता अनंत, दीप्ति अनंत और प्रियांशी कोरी ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया। उर्वशी पांडेय दूसरे स्थान पर रहीं। आयान निगम, चिरंजीवी, गौरव राठौर और आयुषी यादव ने तीसरा, जबकि निशा सारथी और अवधेश प्रताप साहू ने चौथा स्थान हासिल किया।

प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में अंजली कश्यप, आरव राव, आंचल राव, गीता यादव, पिंकी साहू और खुशबू पात्रे ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बलराम साहू दूसरे और स्वांती यादव, आफरीन खातून तथा करण ध्रुव तीसरे स्थान पर रहे।