बिलासपुर..पीएम श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला सरकंडा की छात्राओं ने राज्य स्तरीय रोल प्ले प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल कर बिलासपुर का नाम रोशन किया है। इस सफलता के साथ ही छात्राओं ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में जगह बना ली है।

एनसीईआरटी, नई दिल्ली के जनसंख्या शिक्षा कार्यक्रम के तहत एससीईआरटी रायपुर की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपने अभिनय, संवाद और सामूहिक प्रस्तुति से निर्णायकों को प्रभावित किया। प्रतियोगिता में पावनी महंत, कृतिका सोनी, दीपांजलि जायसवाल, काजल साहू और अनुष्का यादव ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।

छात्राओं की इस सफलता में डॉ. प्रवीण मिश्रा के लेखन एवं निर्देशन और मार्गदर्शक शिक्षिका वंदना तांबे का विशेष योगदान रहा। उनके मार्गदर्शन में छात्राओं ने लगातार अभ्यास कर अपनी प्रस्तुति को बेहतर बनाया। विद्यालय की प्राचार्य डॉ. गायत्री तिवारी के नेतृत्व में छात्राओं ने विकासखंड, जिला, जोन और राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में लगातार प्रथम स्थान हासिल किया है।

इस उपलब्धि पर शिक्षा विभाग के संयुक्त संचालक अश्वनी भारद्वाज, जिला शिक्षा अधिकारी संदीप पांडेय और सहायक जिला परियोजना अधिकारी आनंद पांडेय ने छात्राओं, प्राचार्य और पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि छात्राएं वहां भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर विद्यालय, बिलासपुर और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगी।